Delhi में मौसम ने तोड़ा 14 साल का रिकाॅर्ड, दिल्ली वाले जान लें अगले दिनों का मौसम अपडेट

Delhi Weather Update दिल्ली में मानसून एक-दो दिनों में विदा होने को है। इस बीच मौसम बदलने लगा है। सुबह में हल्की ठंड का एहसास होने लगी है। इस वजह से दोपहर के वक्त अभी हल्की गर्मी महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार अगले छह दिनों तक न्यूनतम तापमान 21 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच बरकरार रहेगा। आइए जानते है मौसम के बारे में ताजा जानकारी।
 
 

HR Breaking News (नई दिल्ली)।  राजधानी में मानसून एक-दो दिनों में विदा होने को है। इस बीच मौसम बदलने लगा है। सुबह में हल्की ठंड का एहसास होने लगी है। शुक्रवार को 14 वर्षों में पहली बार सितंबर माह में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया।

इस वजह से शुक्रवार की सुबह सितंबर माह में पिछले 14 वर्षों में सबसे ठंडक भरी रही और न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। बाद में दिन में तेज धूप खिलने से अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया।

इस वजह से दोपहर के वक्त अभी हल्की गर्मी महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार अगले छह दिनों तक न्यूनतम तापमान 21 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच बरकरार रहेगा।

शनिवार को आकाश रहेगा साफ


मौसम विभाग का कहना है कि शनिवार को आकाश साफ रहेगा। सुबह में हल्की धुंध होगी। अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है। शुक्रवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक है। न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक है। एक दिन पहले दिल्ली में न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस था।

अधिकतम तापमान पीतमपुरा में हुआ दर्ज


वर्ष 2018 में 22 सितंबर और 25-26 सितंबर को न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस था। वर्ष 2012 में 29 और 30 सितंबर को न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस था। मौसम विभाग के अनुसार वर्ष 2009 से अब तक सितंबर माह में पहली बार न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस से नीचे आया है। रिज एरिया में न्यूनतम तापमान 19.7 डिग्री सेल्सियस और जाफरपुर में 20.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सबसे अधिक पीतमपुरा में 36.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

ग्रेटर नोएडा सबसे प्रदूषित 


एनसीआर में प्रदूषण के स्तर में आंशिक बढ़ोतरी हुई। फिर भी शुक्रवार को दिल्ली, फरीदाबाद, गाजियाबाद व नोएडा में हवा की गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में बरकरार रही लेकिन पिछले दिन के मुकाबले एयर इंडेक्स में थोड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई।


वहीं ग्रेटर नोएडा और गुरुग्राम में हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी रही। वहीं ग्रेटर नोएडा शुक्रवार को देश में सबसे अधिक प्रदूषित शहर रहा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार अगले तीन दिनों तक दिल्ली में हवा की गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में बरकरार रहेगी।

सीपीसीबी द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली का एयर इंडेक्स 156 दर्ज किया गया जो मध्यम श्रेणी में है। एक दिन पहले बृहस्पतिवार को दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स 137 था।


फरीदाबाद का एयर इंडेक्स 167, गाजियाबाद का एयर इंडेक्स 172, और नोएडा का एयर इंडेक्स 170 रहा, जो मध्यम श्रेणी में है। वहीं गुरुग्राम का एयर इंडेक्स 222 व ग्रेटर नोएडा का एयर इंडेक्स 284 रहा जो खराब श्रेणी में है। सीपीसीबी द्वारा जारी देश के 224 शहरों के एयर इंडेक्स रिपोर्ट में ग्रेटर नोएडा में सबसे अधिक प्रदूषण का स्तर दर्ज किया गया।