यात्रियों के लिए बड़ा अपडेट, कालका-शिमला रूट पर 40 दिन तक 8 ट्रेनें रद्द
HR Breaking News (railway update) : कालका-शिमला हेरिटेज रेलमार्ग (Kalka-Shimla Heritage Railway) पर दिसंबर और जनवरी में यात्रियों को सफर के दौरान दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। रेलवे ने ट्रैक पर मरम्मत कार्य के चलते 1 दिसंबर से 10 जनवरी 2027 तक आठ ट्रेनों को रद्द करने का निर्णय लिया है। वहीं, चार ट्रेनों को कालका तक चलाने के बजाय डगशाई से ही संचालित किया जाएगा। ऐसे में इस अवधि में यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना पहले से बनानी होगी।
इस वजह से ट्रेनों का संचालन किया बंद
कालका-शिमला रेलखंड (Kalka-Shimla railway line) पर टकसाल और गुम्मन स्टेशन के बीच किलोमीटर 7/16-17 पर स्थित पुल संख्या 57, 58 और 62 के आसपास का हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर बह गया था। रेलवे की ओर से इस हिस्से को दोबारा दुरुस्त करने और रेलमार्ग को बहाल करने का काम किया जा रहा है। सुरक्षा और मरम्मत कार्य को देखते हुए ट्रेनों के संचालन में यह बदलाव किया गया है।
ये ट्रेनें रहेगी रद्द
रेलवे के आदेशों के अनुसार कालका से शिमला (Kalka-Shimla Route train update) जाने वाली ट्रेन नंबर 52457, 52451 और 52459 के अलावा अप मिक्स ट्रेन इस दौरान नहीं चलेगी। इसी प्रकार शिमला से कालका आने वाली ट्रेन नंबर 52458, 52452 और 52460 के साथ डाउन मिक्स ट्रेन भी रद्द रहेंगी।
ट्रेन नंबर 52453 और 52455 का संचालन कालका के स्थान पर डगशाई से किया जाएगा। ये ट्रेनें कालका-डगशाई के बीच उपलब्ध नहीं रहेंगी। दूसरी ओर, ट्रेन नंबर 52454 और 52456 डगशाई तक ही संचालित होंगी। इनका डगशाई से कालका के बीच का सफर रद्द रहेगा। रेलवे की इस व्यवस्था का असर करीब 40 दिनों तक यात्रियों की आवाजाही पर पड़ेगा।