Haryana News : हरियाणा में पहला इलेक्ट्रिक बस डिपो मई में हो जाएगा तैयार, 200 नई बसें मिलेंगी
Haryana News - हरियाणा में पहला इलेक्ट्रिक बस डिपो (Electric Bus Depot) मई तक तैयार हो जाएगा। सेक्टर-48 में बन रहे इस डिपो में एक साथ 25 बसें चार्ज की जा सकेंगी। अप्रैल में शहर को मिलने वाली 200 नई इलेक्ट्रिक बसों (Electric Buses) के मद्देनजर तैयारियों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है-
HR Breaking News, Digital Desk- (Haryana News) साइबर सिटी गुरुग्राम में पहला इलेक्ट्रिक बस डिपो जल्द ही तैयार होने वाला है। सेक्टर-48 में बन रहे इस डिपो का लगभग 70 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। अप्रैल में शहर को 200 इलेक्ट्रिक बसें (Electric Buses) मिलने की संभावना को देखते हुए निर्माण और अन्य तैयारियों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
अधिकारियों का दावा है कि डिपो को तय समय सीमा के भीतर तैयार कर लिया जाएगा, ताकि नई बसों का संचालन बिना किसी बाधा के शुरू किया जा सके। सेक्टर-48 में बन रहे इस अत्याधुनिक डिपो में एक साथ 25 इलेक्ट्रिक बसों (Electric Buses) को चार्ज करने की सुविधा होगी। इसके लिए यहां हाई-कैपेसिटी चार्जिंग स्टेशन (Charging Station) स्थापित किए जा रहे हैं।
बसों की पार्किंग, मेंटेनेंस (Maintenance) और मॉनिटरिंग (Monitoring) के लिए भी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। अधिकारियों के अनुसार चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर (Charging Infrastructure) को इस तरह तैयार किया जा रहा है कि भविष्य में इलेक्ट्रिक बसों की संख्या बढ़ने पर भी संचालन में किसी प्रकार की समस्या न आए।
फिलहाल शहर में 150 सीएनजी आधारित लो फ्लोर सिटी बसें (CNG Low Floor City Buses) संचालित की जा रही हैं। इलेक्ट्रिक बसों के शामिल होने से सार्वजनिक परिवहन प्रणाली और अधिक सशक्त बनेगी। अधिकारियों का मानना है कि इससे निजी वाहनों पर निर्भरता कम होगी और ट्रैफिक तथा प्रदूषण दोनों में कमी आएगी।
सेक्टर-10 डिपो में भी हाई-कैपेसिटी चार्जिंग स्टेशन तैयार-
सेक्टर-10 स्थित बस डिपो में भी इलेक्ट्रिक बसों के लिए चार्जिंग स्टेशन (Charging Station) तैयार कर दिया गया है। दोनों डिपो में ई-बसों को चार्ज करने की पूरी व्यवस्था होगी। इसके अलावा सेक्टर-10 डिपो में एक बस टर्मिनल (Bus Terminal) के निर्माण का प्रस्ताव भी है, जिसका डिजाइन कंसलटेंट द्वारा तैयार किया जा रहा है। टर्मिनल (terminal) बनने के बाद यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और बस संचालन और अधिक सुव्यवस्थित होगा।
सेक्टर-103 में नया सिटी बस डिपो बनने की तैयारी-
शहर के तेजी से बढ़ते विस्तार को देखते हुए सेक्टर-103 में सात एकड़ जमीन पर नया सिटी बस डिपो (City Bus Depot) विकसित करने की योजना है। इसका डिजाइन DIMTS (Delhi Integrated Multi-Modal Transit System) द्वारा फाइनल किया जा रहा है। इस डिपो के बनने से द्वारका एक्सप्रेसवे और आसपास के क्षेत्रों में बस संचालन मजबूत होगा। साथ ही भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सभी इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किए जाएंगे।