Rapid Train : दिल्ली मेरठ रैपिड ट्रेन का इंतजार खत्म, जानिये इसका रूट और किराया
 

delhi-meerut rapid rail : दिल्ली मेरठ रैपिड ट्रेन का इंतजार कर रहे लोगों को के लिए एक खुशखबरी है। आपको बता दें कि कुछ ही दिनों में रैपिडएक्स का परिचालन शुरू होने वाला है। आइए नीचे खबर मे जानते हैं रैपिड ट्रेन मे यात्रियों को कौन-कौन सी सुविधाएं मिलेंगी... 

 

HR Breaking News (ब्यूरो)। देश की पहली रैपिड रेल 'रैपिडएक्स' (RAPIDX) में सफर का इंतजार कर रहे लोगों के लिए गुड न्यूज है। रैपिडएक्स का परिचालन अगले सप्ताह शुरू हो सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 अक्टूबर को साहिबाबाद से दुहाई तक 17 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर का उद्घाटन करने गाजियाबाद आ सकते हैं। इस संबंध में दो दिन पहले प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव और एनसीआरटीसी के अधिकारी के बीच वार्ता हुई। शासन ने पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को उद्घाटन कार्यक्रम के बारे में मौखिक रूप से अवगत करा दिया है। अगले दो दिन में उद्घाटन का लिखित कार्यक्रम जारी होने की उम्मीद है।

रैपिडएक्स के 82 किलोमीटर लंबे दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ कॉरिडोर का निर्माण कार्य चल रहा है। 17 किलोमीटर लंबा साहिबाबाद से दुहाई तक प्राथमिक खंड तैयार है। इस खंड में साहिबाबाद, गाजियाबाद, गुलधर, दुहाई और दुहाई डिपो स्टेशन हैं। प्राथमिक खंड पर जनवरी से रैपिडएक्स का परीक्षण चल रहा है।

प्राथमिक खंड पर इस साल जून में रैपिडएक्स चलाने की तैयारी थी, लेकिन अधूरा कार्य होने से इसे टाल दिया गया था। निकाय चुनाव की घोषणा से पहले प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने ट्रेन में बैठकर प्राथमिक खंड का निरीक्षण किया था। शासन के सूत्रों ने बताया कि रैपिडएक्स के उद्घाटन को लेकर दो दिन पहले प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र और एनसीआरटीसी के एक अधिकारी के बीच वार्ता हुई।

10 मिनट में उपलब्ध होगी

रैपिडएक्स 180 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ सकती है, लेकिन परिचालन गति 100 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी। स्टेशन पर ट्रेन हर 5-10 मिनट में उपलब्ध होगी। दिल्ली से मेरठ तक का सफर आसान हो जाएगा। रात में छह घंटे के लिए ही रैपिडएक्स का परिचालन बंद रहेगा। स्टेशन पर यात्रियों की संख्या यदि बढ़ती है तो फेरे भी बढ़ाए जाएंगे। यात्रियों की संख्या कम होने पर फेरे कम किए जाएंगे।

यात्रियों को मिलेंगी सुविधाएं

यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखा गया है। ट्रेन के कोच में आरामदायक सीट है। यात्री आराम से खड़े होकर सफर कर सकेंगे। इसके लिए कोच में बड़ी गैलरी बनाई है। लैपटॉप/मोबाइल चार्जिंग की सुविधा हर सीट पर दी है। डायनेमिक रूट मैप तैयार किया है। तापमान नियंत्रण प्रणाली और अन्य सुविधाएं हैं। सभी कोच वातानुकूलित हैं।

मरीज स्ट्रेचर सहित जा सकेंगे

रैपिड रेल कोच में मरीजों के लिए व्हीलचेयर और स्ट्रेचर रखने के इंतजाम किए हैं। स्टेशन डिजाइन में इसका ख्याल रखा है। आपातस्थिति में मरीज को स्टेशन में प्रवेश और ट्रेन में सवार होने एवं बाहर निकलने में किसी प्रकार की समस्या नहीं होगी। गंभीर मरीज रैपिड से आ और जा सकेंगे। अलग से ग्रीन कॉरिडोर बनाने की जरूरत नहीं होगी। मरीजों से कोई अतिरिक्त चार्ज नहीं वसूला जाएगा।

परियोजना की स्थति

रैपिडएक्स ट्रेन का काम तेज गति से चल रहा है। गाजियाबाद में प्राथमिक खंड तैयार है। दिल्ली, मोदीनगर और मेरठ में निर्माण कार्य रफ्तार के साथ किया जा रहा है। दिल्ली से मेरठ तक कॉरिडोर 82 किलोमीटर लंबा है। मुरादनगर से मेरठ की तरफ कॉरिडोर पर ट्रैक बिछाने का काम शुरू हो गया है।

किराये पर जल्द होगा निर्णय

रैपिड एक्स ट्रेन में यात्रा के लिए यात्रियों को टिकट खरीदने के कई विकल्प उपलब्ध होंगे। यूपीआई से भी भुगतान की सुविधा दी जाएगी। स्टेशन पर लगी टिकट वेंडिंग मशीन (टीवीएम) में नगद, कार्ड के साथ यूपीआई से भुगतान किया जा सकेगा। यह सुविधा देश में पहली बार दी जा रही है। रैपिड एक्स में किराया कितना होगा, यह भी इसी सप्ताह तय हो जाएगा।