Sirsa News: घग्गर में पानी होने के बाद भी खरीफ चैनलों के टेल सूखे, 15 से 18 सितंबर तक बारिश के आसार
Sirsa News: सिरसा में मानसून की बारिश कम और घग्गर का पानी खरीफ चैनलों की टेल तक नहीं पहुंच पाने की वजह से किसानों में सिंचाई विभाग के प्रति किसानों की भारी नाराजगी देखी जा रही है. ओट्टू हेड पर पानी होने के बाद भी टेल पर पड़ने वाले गांवों के खेतों में पानी की भारी कमी का सामना करना पड़ रहा है.
खानापूर्ति कर रहा सिंचाई विभाग
इसी को लेकर जिले के गांव खारियां के किसानों ने सीएम नायब सिंह सैनी से मुलाकात कर स्थाई समाधान करवाने का आग्रह किया. गांव के किस रणवीर सिंह अशोक कुमार अभिषेक कुमार इत्यादि अन्य ने आरोप लगाया की घग्गर में अवैध रूप से पानी ट्यूबवेल और पाइप के जरिए पानी निकालने वालों पर किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं हो रही है. इसकी वजह से खरियां, झोतड़, मेहना खेड़ा, भुना, घोड़ावाली समेत कई गांवों के खेतों तक पानी नहीं पहुंच पाया है. किसानों ने मांग की है की नहरों में गांवों के हिसाब से बारी तय करके पानी चलाया जाए. जिससे टेल के खेतों तक पानी पहुंच सके.
उन्होंने कहा कि खरीफ चैनलों का पानी टेल तक पहुंचा तो धान की फसलों को नुकसान से बचाया जा सकता है. आने वाले 20 दिन बाद सरसों की अगेती बिजाई शुरू हो जाएगी उसी को फायदा भी मिलेगा. किसानों को कमजोर मानसून और बढ़ रहे तापमान की वजह से धान के उत्पादन में कमी होने का डर सता रहा है.
15 से 18 सितंबर तक बारिश का अनुमान
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ मदन खीचड़ के अनुसार, 15 सितंबर की रात्रि से लेकर 18 सितंबर तक जिले में हल्की बारिश के आसार जताये गए हैं. दूसरी तरफ मौसम बदलने की वजह से कपास उत्पादक किसानों में चिंता है. क्योंकि शुरुआती नरमा चुगाई का कार्य शुरू हो गया है. लेकिन बरसात की वजह से खड़ी फसल में नुकसान और चुगाई प्रभावित हो सकती है. रानियां और उसके आसपास के कई गांवों में पिछले दिनों आंधी और बरसात की वजह से नरमा की फसल जमीन पर बिछ गई थी.