Sirsa News: पहले पड़ा सूखा, अब बारिश से नरमा और बाजरा की फसल में नुकसान
HR Breaking News (Sirsa News) : सिरसा जिले में मौसम में बदलाव हुआ. दोपहर के समय आसमान में काले के बादल छाए और ऐलनाबाद, डबवाली, रानियां, ओढ़ा क्षेत्र में हल्की से माध्यम बारिश हुई. कई जगह पर बूंदाबांदी से लोगों को गर्मी से राहत मिली. वहीं कुछ क्षेत्रों में बारिश और हवाओं से नरमा और बाजरा की फसल में नुकसान पहुंचा.
टिंडे गलने और क्वालिटी खराब होने की आशंका
बारिश से नरमा चुगाई का कार्य प्रभावित हुआ और साथ में ही टिंडे गलने और क्वालिटी खराब होने की आशंका बढ़ गई. किसानों के अनुसार इस बार नरमा की फसल अच्छी है और इन दिनों चुगाई का काम चल रहा है. बारिश से खेत में नमी बढ़ने के कारण चुगाई रुक गई है. पानी में भीगने से टिंडे गलने की समस्या आ सकती है.
रानियां क्षेत्र के घोड़ावाली, मेहना खेड़ा, कुस्सर और बालासर गांवों में पहले ही बरसात से फसलों में नुकसान हुआ था. अब फिर बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है. किसानों ने बताया कि इस बार समय पर बारिश न होने और कम बारिश की वजह से धान की फसल में भी नुकसान होने की संभावना बढ़ गई है. ऐसे में अगर नरमा की फसल में भी नुकसान होगा तो किसानों पर दोहरी आर्थिक मार पड़ेगी.
बारिश के पूर्वानुमान से किसानों में चिंता
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार द्वारा 15 से 18 सितंबर तक बरसात की संभावना जताई गई है. इस दौरान अगर बारिश के साथ-साथ हवाएं भी होती है तो नरमे की फसल में बड़ा नुकसान हो सकता है. क्योंकि अब फसल में टिंडों की वजह पौधे में वजन है. अगर बारिश के साथ हवाई चलती है तो नुकसान की संभावना बढ़ जाती है.