{"vars":{"id": "93802:4123"}}

Sirsa News: 7 दिन से रूपावास गांव का ट्यूबवेल खराब, टैंकर और ड्रम से पेयजल जुटा रहे ग्रामीण

 

Sirsa News: सिरसा जिले के गांव रूपावास से बरुवाली और नोहर फीडर की दो नहर गुजरने के बावजूद भी ग्रामीणों को अधिकतर समय पीने के पानी के लिए ट्यूबवेल पर निर्भर रहना पड़ता है. अब जल घर का ट्यूबवेल पिछले 7 दिन से खराब होने के कारण गांव में पेयजल संकट और गहरा गया है. ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए इधर-उधर से पानी की व्यवस्था करनी पड़ रही है कोई टैंकर से पानी मंगवा रहा है तो कोई बाइक पर ड्रम या अन्य बर्तन रखकर पानी लेकर आ रहा है.

ग्रामीणों के अनुसार जल घर में पानी भंडारण के लिए बनी दो डिग्गीयों में लीकेज की समस्या रहती है. इसके कारण डिग्गीयों में पानी पर्याप्त समय तक जमा नहीं रह पाता. वहीं बरुवाली सेकंड फीडर से नहरी पानी की आपूर्ति के लिए डाली गई पाइपलाइन स्तर ठीक नहीं होने के कारण नहरी पानी भी सुचारू रूप से गांव तक नहीं पहुंच पा रहा है.

ट्यूबवेल खराब होने से बढ़ी परेशानी

नहरी पानी की आपूर्ति नियमित नहीं होने के कारण गांव में पेयजल व्यवस्था काफी हद तक ट्यूबवेल पर निर्भर है ऐसे में पिछले 7 दिन से ट्यूबवेल खराब होने के बाद ग्रामीणों के सामने पानी की समस्या खड़ी हो गई है ग्रामीणों का कहना है कि यदि नहरी पानी की व्यवस्था सुचारू होती और जल घर की डिग्गी में पानी सुरक्षित रह पाता. तो ऐसी दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ता.

ग्रामीण जगदीश और काशीराम ने बताया कि दो नहरे होने के बाद भी गांव को पर्याप्त पीने का पानी नहीं मिल रहा. ट्यूबवेल में खराबी आने के बाद यह समस्या और भी गंभीर हो गई है. रोजाना के कामों में इस्तेमाल की जरूरत का पानी जुटाने के लिए गांव को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. कई परिवार पानी के टैंकर मंगवा रहे हैं. ग्रामीणों ने जल करके खराब ट्यूबवेल को जल्द ठीक करवाने के साथ-साथ पानी की डिग्गीयों की लीकेज को दूर करवाने और बरुवाली सेकंड फीडर से नहरी पानी की आपूर्ति सुचारू करने की मांग की है.