हिसार में 3330 किलो रसगुल्ले व पाम ऑयल के सैंपल भरे
HR Breaking News (Haryana News) : दीपावली पर बाजार में बिकने वाली मिठाइयों की शुद्धता जांचने के लिए सीएम फ्लाइंग ने खाद्य सुरक्षा विभाग के साथ मिलकर शनिवार को शहर में तीन प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। टीम ने मिल गेट स्थित मिठाई एवं पनीर प्लांट, दूध डेयरी और बड़वाली ढाणी की खाद्य सामग्री कंपनी में पहुंचकर जांच की। इस दौरान एक मिठाई निर्माता प्रतिष्ठान संचालक मिठाइयां बनाने का लाइसेंस नहीं दिखा सका। टीम ने अलग-अलग खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए लैब भेजने की प्रक्रिया शुरू की है। रिपोर्ट में गड़बड़ी मिलने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सूचना मिलने टीम ने चलाया अभियान
सीएम फ्लाइंग (CM Flying team hisar) को सूचना मिली थी कि त्योहार के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों पर मिलावटी और घटिया गुणवत्ता वाली मिठाइयां तैयार कर बाजार में बेची जा सकती हैं। इसके बाद रेंज इंचार्ज सुनैना के नेतृत्व में टीम ने जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी काजल, एएसआई चंद्रपाल और मुख्य सिपाही विजय के साथ संयुक्त जांच अभियान चलाया।
मिठाई-पनीर प्लांट में मिलीं 4245 किलो मिठाइयां
जांच अभियान की शुरुआत मिल गेट स्थित संकट मोचन मिठाई एवं पनीर प्लांट से की गई। यहां संचालक दीपक मौजूद मिले। टीम ने मिठाई बनाने से संबंधित दस्तावेज मांगे, लेकिन संचालक लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर पाए। निरीक्षण के दौरान परिसर में 3330 किलो रसगुल्ले, 900 किलो चमचम और 15 किलो गुलाब जामुन मिले। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके से मिठाइयों के नमूने लिए।
डेयरी में मिले 300 किलो रसगुल्ले
इसके बाद टीम गोपाल दूध डेयरी पहुंची। यहां संचालक गोपाल ने मिठाई निर्माण से संबंधित लाइसेंस दिखाया। जांच के दौरान डेयरी में करीब 300 किलो रसगुल्ले रखे मिले। टीम ने खाद्य सामग्री की गुणवत्ता जांचने के लिए आवश्यक सैंपल लिए।
ट्रेडिंग कंपनी में खाद्य तेल के 361 टिन मिले
संयुक्त टीम ने बड़वाली ढाणी स्थित लावण्या ट्रेडिंग कंपनी (Lavanya Trading Company located at Badwali Dhani) का भी निरीक्षण किया। यहां संचालक तरुणा लोहिया ने लाइसेंस प्रस्तुत किया। जांच के दौरान कंपनी में पाम ऑयल के 361 टिन, वनस्पति के 26 टिन और सोरबिटोल (Sorbitol) के 36 ड्रम मिले। इनमें करीब 10,800 किलो खाद्य सामग्री थी। टीम ने रिफाइंड, पाम ऑयल (palm oil) समेत अन्य खाद्य पदार्थों की भी जांच की।
सैंपल की रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
सीएम फ्लाइंग (CM Flying) रेंज इंचार्ज सुनैना (CM Flying Range Incharge Sunaina)ने बताया कि त्योहार के दौरान मिलावटखोरी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जांच में लिए गए नमूनों को लैब में भेजा जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। उन्होंने खाद्य कारोबारियों को निर्देश दिए कि वे जरूरी लाइसेंस लेकर ही कारोबार करें और खाद्य पदार्थों के निर्माण व भंडारण में स्वच्छता और गुणवत्ता के निर्धारित मानकों का ध्यान रखें। लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।