{"vars":{"id": "93802:4123"}}

LUVAS परिसर में NCC कैडेट्स ने निकाली एकता दिवस रैली

 

HR Breaking News (LUVAS News Update) लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (लुवास), हिसार परिसर में राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर 1 हरियाणा आर एंड वी स्क्वाड्रन, एनसीसी के कैडेट्स द्वारा एकता दिवस रैली का आयोजन किया गया। रैली का आयोजन स्क्वाड्रन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल विनीत बुटोला के सक्षम नेतृत्व में किया गया।

इस अवसर पर एनसीसी कैडेट्स ने रैली के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश दिया। कैडेट्स ने देश की एकता एवं संप्रभुता बनाए रखने तथा समाज में आपसी सद्भाव और सहयोग की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया।

रैली का मुख्य उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और राष्ट्रीय एकता की भावना को प्रोत्साहित करना था। इस आयोजन के माध्यम से कैडेट्स ने सरदार वल्लभभाई पटेल के एकता और अखंडता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) विनोद कुमार वर्मा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्रीय एकता और अखंडता देश की शक्ति का आधार हैं। युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाते हुए आपसी सद्भाव, अनुशासन और देशभक्ति के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।