{"vars":{"id": "93802:4123"}}

पानीपत में नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान के तहत जागरूकता रैली का आयोजन

 

HR Breaking News (Panipat News Haryana) पानीपत जिले के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बबैल में पानीपत राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई की तरफ से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें भारत सरकार के माय भारत (MY Bharat) के अंतर्गत संचालित ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान’ के तहत शुक्रवार को विद्यालय के गोद लिए गए गांव बबैल में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं एवं स्थानीय ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के खिलाफ जागरूक करना तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण करने के लिए प्रेरित करना रहा।


कार्यक्रम का शुभारंभ NSS कार्यक्रम अधिकारी अजेन्द्र सिंह द्वारा उपस्थित विद्यार्थियों, ग्रामीणों एवं गणमान्य व्यक्तियों को संबोधित करते हुए किया गया। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज में नशा मुक्ति का संदेश फैलाने के लिए प्रेरित किया।

बच्चों को सकारात्म आदतें अपनाने के लिए किया प्रेरित
इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. अरुण शर्मा मुख्य चिकित्सा अधिकारी खोतपुरा सीएचसी, विशिष्ट अतिथि सुनील मलिक जिला संयोजक एनएसएस पानीपत उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से समझाया तथा उन्हें अपने जीवन में सकारात्मक आदतें अपनाने और नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं से नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

नशा मुक्त समाज पर प्रतियोगिता का आयोजन
इस दौरान नशा मुक्त समाज विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने नशे के कारणों, उसके दुष्प्रभावों तथा समाज और युवाओं की जिम्मेदारी पर आत्मविश्वास के साथ प्रभावशाली वक्तव्य प्रस्तुत किए।

खेलों का भी हुआ आयोजन
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों की सहभागिता बढ़ाने तथा पारंपरिक खेलों के माध्यम से आपसी सहयोग, अनुशासन एवं टीम भावना विकसित करने के उद्देश्य से विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें लड़के व लड़कियां दोनों द्वारा रस्साकशी, पिट्ठू, पेंटिंग प्रतियोगिता, कबड्डी तथा दौड़ आदि खेल प्रमुख रहे। विद्यार्थियों ने इन खेलों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

गांव में निकाली जागरूकता रैली
इसके पश्चात विद्यालय से शुरू करके पूरे गांव होते विद्यालय तक नशा मुक्ति जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया तथा ‘नशा मुक्त युवा’ का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।

नशा मुक्ति की ली शपथ
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने नशा मुक्ति की शपथ ली तथा स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। मंच संचालन संदीप प्रवक्ता फिजिक्स की तरफ से  किया गया।


कार्यक्रम के समापन पर कार्यक्रम अधिकारी अजेन्द्र कुण्डू ने मुख्य अतिथि, पंचायत प्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, ग्रामीणों एवं उपस्थित सभी अध्यापकों व प्राध्यापकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों को समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए महत्वपूर्ण बताया।


इस कार्यक्रम में विद्यालय के सभी प्राध्यापक उपस्थित रहे और उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ तथा इसके माध्यम से युवाओं एवं ग्रामीण समुदाय को नशे से दूर रहने और नशामुक्त भारत के निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया गया।