home page

250 घरों पर चला बुलडोजर, DDA ने इस वजह से लिया फैसला

bulldozer action delhi - दिल्ली एनसीआर में पिछले काफी समय से कॉलोनियों में अवैध निर्माण के मामले तेजी से सामने आ रहे हैं। लेकिन अब प्रशासन ने ऐसे मामलों के खिलाफ सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। हाल ही में दिल्ली में DDA ने 250 घरों को जमींदोज किया है। आइए नीचे खबर में जानते हैं वजह - 

 | 
250 घरों पर चला बुलडोजर, DDA ने इस वजह से लिया फैसला

HR Breaking News (ब्यूरो)। शुक्रवार को दिल्ली में दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) का बुलडोजर जमकर गरजा। यहां दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के सराय काले खां के समीप यमुना के डूब क्षेत्र में अतिक्रमण रोधी अभियान चलाया। इस दौरान डीडीए के बुलडोजर ने वहां 250 घरों को तोड़ डाला। 


डीडीए (DDA) के अनुसार, यह अभियान पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के बीच चलाया गया ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि इस कवायद के दौरान कानून-व्यवस्था बनी रहे। घरों को जमींदोज करने के पीछे तर्क देते हुए डीडीए के एक अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के आदेश के अनुसार यह इलाका यमुना डूब क्षेत्र में आता है और यहां किसी प्रकार का अतिक्रमण नहीं होना चाहिए।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को यह प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। इलाके के निवासी ताहिर अली ने बताया कि उन्हें गुरुवार शाम करीब साढ़े चार बजे अतिक्रमण रोधी अभियान की सूचना मिली। अली ने बताया कि गुरुवार को शाम करीब 4.30 बजे एक पुलिसकर्मी मकान गिराने का आदेश लेकर इलाके में आया और हमें शुक्रवार सुबह 10 बजे तक इलाका खाली करने को कहा। हालांकि, अधिकारी सुबह करीब सात बजे यहां आए और बाद में मकानों को गिराना शुरू कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, इस इलाके में डीडीए ने करीब 250 घर गिराए गए। इस बारे में जानकारी देत हुए एक व्यक्ति ने बताया कि मैं असम से हूं और 1996 से इस इलाके में रह रहा हूं। यहां हमारे करीब 15 से 20 परिवार हैं, जो असम से हैं और बाकी उत्तर प्रदेश और हरियाणा से हैं।


हम कूड़ा बीनने का काम करते हैं और कुछ लोग पास के खेतों में काम करते हैं। अली ने कहा कि अतिक्रमण अभियान के बाद सबकुछ खत्म हो गया। उसने आरोप लगाया कि उन्हें उनके घरों से घरेलू सामान बाहर निकालने का समय नहीं मिला।


बता दें कि दिल्ली में डीडीए का लगातार अतिक्रमण रोधी अभियान चल रहा है। बीते कुछ महीनों में कई इलाकों में डीडीए का बुलडोजर गरजा है। इस दौरान कई अवैध मकानों को तोड़ा गया है। बुलडोजर ऐक्शन दिल्ली के साथ ही पूरे एनसीआर में चालू है। इसमें अवैध निर्माणों को तोड़ने का काम किया जा रहा है।