{"vars":{"id": "93802:4123"}}

रेलवे बदल सकता है आरएसी के नियम, आधी सीट पर नहीं करना पड़ेगा सफर 

Haryana News : रेलवे विभाग (railway vibag news) द्वारा आरएसी के नियमों में बदलाव कर सकता है। इसको लेकर विभाग द्वारा मंथन किया जा रहा है अगर आरएसी के नियमों में बदलाव होता है तो इससे यात्रियो को आधी सीट पर सफर नहीं करना पड़ेगा। चलिए जानते हैं इसके बारे में विस्तार से।  
 

HR Breaking News (Haryana News) : ट्रेन में कंफर्म टिकट नहीं मिलने पर आरएसी (RAC rules) के सहारे सफर करने वाले यात्रियों को आने वाले समय में राहत मिल सकती है। रेलवे अपनी दशकों पुरानी आरएसी टिकट व्यवस्था में बदलाव करने पर विचार कर रहा है। रेलवे बोर्ड (railway board)  के स्तर पर इस व्यवस्था को समाप्त करने या इसके नियमों में संशोधन करने को लेकर मंथन चलने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, अभी तक रेलवे की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

मौजूदा व्यवस्था के तहत यह है नियम

मौजूदा व्यवस्था के तहत कंफर्म टिकट उपलब्ध नहीं होने पर यात्रियों को आरएसी टिकट दिया जाता है। इसमें एक साइड लोअर बर्थ दो यात्रियों के बीच साझा होती है। दोनों यात्रियों से पूरी बर्थ का किराया लिया जाता है, लेकिन उन्हें बैठकर या सीमित जगह में यात्रा करनी पड़ती है। यदि ट्रेन में किसी कंफर्म टिकट (confirmed ticket)की बुकिंग रद होती है तो आरएसी यात्री को पूरी बर्थ मिल सकती है। वहीं, टिकट रद नहीं होने की स्थिति में लंबी दूरी की रात की यात्रा के दौरान यात्रियों को आधी बर्थ पर ही सफर करना पड़ता है।

संसदीय समिति ने भी किराया वसूली पर जताई आपत्ति

आरएसी यात्रियों से पूरी बर्थ का किराया लेने का मुद्दा संसद में भी उठ चुका है। चार फरवरी 2026 को संसद में प्रस्तुत लोक लेखा समिति की 36वीं रिपोर्ट में इस व्यवस्था पर सवाल उठाए गए थे। समिति का कहना था कि जब यात्री को पूरी बर्थ उपलब्ध नहीं कराई जाती तो उससे पूरा किराया लेना उचित नहीं है। समिति ने रेलवे मंत्रालय को आरएसी यात्रियों को किराये का कुछ हिस्सा वापस करने की व्यवस्था बनाने की सिफारिश की थी।

वंदे भारत स्लीपर में आरएसी का विकल्प नहीं

रेलवे की नई प्रीमियम वंदे भारत स्लीपर ट्रेन (Vande Bharat Sleeper Train) में आरएसी टिकट की व्यवस्था नहीं रखी गई है। रेलवे बोर्ड के 15 जनवरी 2026 के वाणिज्यिक सर्कुलर के अनुसार ट्रेन की सभी उपलब्ध बर्थ अग्रिम आरक्षण अवधि के पहले दिन से बुकिंग के लिए खुली रहती हैं। इसी मॉडल के आधार पर दूसरी ट्रेनों में भी आरक्षण व्यवस्था की समीक्षा किए जाने की संभावना है।

रेलवे बोर्ड के स्तर पर लिया जाएगा फैसला

उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजेश कुमार पांडे (Rajesh Kumar Pandey, General Manager, Northern Railway) ने कहा कि आरएसी व्यवस्था में बदलाव से जुड़ी जानकारी उनके संज्ञान में नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि रेलवे की नीतियों से संबंधित फैसले रेलवे बोर्ड के स्तर पर लिए जाते हैं। इस मामले में रेलवे बोर्ड के चेयरमैन से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल बंद होने के कारण बात नहीं हो सकी।

आरएसी खत्म होने से मिल सकती है राहत

आरएसी व्यवस्था समाप्त होने पर यात्रियों को आधी बर्थ पर सफर करने की परेशानी से छुटकारा मिल सकता है। विशेषकर रात की लंबी यात्रा में दो यात्रियों के बीच एक बर्थ साझा करने की मजबूरी खत्म हो सकती है। हालांकि, त्योहारों और छुट्टियों के दौरान जब कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल होता है, तब आरएसी यात्रियों के लिए ट्रेन में सफर करने का एक महत्वपूर्ण विकल्प बना रहता है। ऐसे में व्यवस्था खत्म होने पर रेलवे के सामने टिकटों की मांग और उपलब्ध बर्थ के बीच संतुलन बनाए रखने की चुनौती भी होगी।