हरियाणा में 5 साल में 5 लाख करोड़ के निवेश का लक्ष्य, मेक इन हरियाणा इंडस्ट्रियल पॉलिसी के दिशा निर्देश जारी
HR Breaking News (Haryana News) : हरियाणा में औद्योगिक गतिविधियों (industrial activities in haryana) को नई गति देने और प्रदेश को बड़े निवेश केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए सरकार ने मेक इन हरियाणा इंडस्ट्रियल पॉलिसी-2026 (Make in Haryana Industrial Policy-2026) के संचालन संबंधी दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। पांच साल के लिए लागू की गई इस नीति में 5 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आकर्षित करने और 10 लाख नए रोजगार के अवसर पैदा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके तहत पात्र उद्योगों को अलग-अलग श्रेणियों में अधिकतम 50 करोड़ रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
हरियाणा का प्रतिनिधिमंडल ब्रिटेन और जर्मनी दौरे पर रहेगा
नीति को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी (Chief Minister Nayab Singh Saini) के नेतृत्व में हरियाणा का प्रतिनिधिमंडल 28 नवंबर से 5 दिसंबर तक ब्रिटेन और जर्मनी के दौरे पर रहेगा। इस दौरान विदेशी निवेशकों, उद्योग प्रतिनिधियों, सीआईआई (CII) और प्रवासी भारतीयों के साथ बैठकें की जाएंगी। जर्मनी में स्टेट रोड-शो आयोजित होगा। निवेशकों को अप्रैल 2027 में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (Global Investors Summit) में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया जाएगा।
निवेश करने वाली कंपनियों को कई तरह की रियायतें
नई नीति में उद्योगों को जमीन खरीदने से लेकर उत्पादन शुरू करने और कारोबार बढ़ाने तक आर्थिक लाभ देने का प्रावधान किया गया है। निर्धारित समय में उत्पादन शुरू करने वाली इकाइयों को स्टाम्प ड्यूटी में 30 से 100 प्रतिशत तक रिफंड मिलेगा। प्राइम और फोकस एरिया में यह छूट पूरी होगी। इसके अलावा नेट एसजीएसटी (Net SGST) का 20 से 70 प्रतिशत तक हिस्सा 7 से 12 साल की अवधि में वापस किया जाएगा। बिजली ड्यूटी में भी पात्र उद्योगों को 100 प्रतिशत छूट मिलेगी। इसकी अवधि कोर एरिया में 3 साल और प्राइम व फोकस एरिया में 10 साल होगी।
उद्योगों को पूंजी निवेश के आधार पर 2.5 से 20 प्रतिशत तक कैपिटल सब्सिडी दी जाएगी। विशेष रूप से तैयार किए गए कस्टमाइज्ड पैकेज में यह सहायता 30 प्रतिशत तक हो सकती है। सब्सिडी का भुगतान 10 किस्तों में किया जाएगा।
पेटेंट और निर्यात को भी बढ़ावा
नई तकनीक और उत्पाद विकास पर काम करने वाली कंपनियों के लिए आरएंडडी लैब (R&D Lab) स्थापित करने पर 50 प्रतिशत तक सहायता मिलेगी। इसकी अधिकतम सीमा 50 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। पेटेंट का व्यावसायिक उपयोग करने पर घरेलू पेटेंट (domestic patent) के लिए 50 लाख और अंतरराष्ट्रीय पेटेंट (international patent) के लिए 1 करोड़ रुपये तक की मदद दी जाएगी। वहीं, निर्यात करने वाली इकाइयों को 3 प्रतिशत इंसेंटिव मिलेगा। पर्यावरण अनुकूल औद्योगिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।
स्थानीय युवाओं को नौकरी देने पर मिलेगा अतिरिक्त लाभ
प्रदेश के (haryana latest news) युवाओं को उद्योगों में अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए रोजगार आधारित प्रोत्साहन रखे गए हैं। कम से कम 15 प्रतिशत स्थानीय कर्मचारियों वाली पात्र इकाइयों को प्रति कर्मचारी सालाना 1 लाख से 1.20 लाख रुपये तक की सब्सिडी 10 साल तक दी जा सकेगी। एचकेआरएन (HKRN) के माध्यम से भर्ती करने पर पांच साल तक ईपीएफ में सहायता मिलेगी, जिसकी अधिकतम सीमा 25 हजार रुपये सालाना होगी। इसके अलावा इंटर्नशिप और अप्रेंटिसशिप कराने वाली कंपनियों को स्टाइपेंड का 50 प्रतिशत, अधिकतम 15 हजार रुपये प्रति माह तक दिया जाएगा।
चार दिन में मिलेगी सब्सिडी की शुरुआती मंजूरी
उद्योगों के लिए आवेदन और स्वीकृति प्रक्रिया को भी समयबद्ध बनाया गया है। सिंगल विंडो पोर्टल (Single Window Portal) के माध्यम से चार कार्यदिवस में सब्सिडी की प्रोविजनल मंजूरी देने का प्रावधान है। मंजूर सहायता तीन दिन में जारी की जाएगी। भुगतान में देरी होने पर 8 प्रतिशत ब्याज देना होगा, जबकि गलत जानकारी देकर लाभ लेने या फर्जीवाड़ा करने पर 12 प्रतिशत चक्रवृद्धि ब्याज के साथ कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा दूसरे राज्यों से हरियाणा में उद्योग स्थानांतरित करने पर 5 करोड़ और विदेश से इकाई लाने पर 10 करोड़ रुपये तक की ग्रांट दी जा सकेगी। निवेश और रोजगार के आधार पर उद्योगों को लार्ज, मेगा और अल्ट्रा श्रेणियों में बांटा जाएगा। लार्ज श्रेणी के लिए न्यूनतम निवेश 125 करोड़ रुपये, मेगा के लिए 400 से 700 करोड़ रुपये और अल्ट्रा श्रेणी के लिए 1,500 से 6,000 करोड़ रुपये तक के निवेश का प्रावधान रखा गया है।