एनडीआरआई के वैज्ञानिकों ने बकरी की दो उन्नत किस्म की तैयार, दूध की मात्रा होगी डबल
HR Breaking News (NDRI) : बकरी पालन (goat farming) को अधिक मुनाफे का व्यवसाय बनाने की दिशा में राष्ट्रीय डेयरी अनुसंधान संस्थान (NDRI news) ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। संस्थान के वैज्ञानिकों ने अलग-अलग नस्लों के गुणों को मिलाकर बकरी की दो उन्नत नस्लें तैयार की हैं। इन्हें सानन-बीटल (Sanan-beetle) और एल्पाइन-बीटल (alpine beetle) नाम दिया गया है। इन बकरियों की खासियत इनकी अधिक दूध उत्पादन क्षमता और प्रजनन क्षमता है। जहां सामान्य देशी बकरी से प्रतिदिन औसतन 1.5 से 2 किलो दूध मिलता है, वहीं नई नस्लें 3 से 3.5 किलो तक दूध देने में सक्षम हैं।
हिसार के सेक्टर 16-17 और पार्ट-2 के साथ बसी झु्ग्गियों को हटाया जाएगा
1971 से चल रहा था शोध
इन नस्लों को विकसित करने के लिए स्विट्जरलैंड की सानन (Sanan of Switzerland) , उत्तरी अमेरिका की एल्पाइन (Alpines of North America) और पंजाब की बीटल नस्ल के गुणों का इस्तेमाल किया गया है। इस दिशा में संस्थान में वर्ष 1971 से शोध चल रहा था। लंबे अनुसंधान के बाद वर्ष 2006 में वैज्ञानिकों को सफलता मिली। इसके बाद लैब टू लैंड (lab to land) के तहत किए गए परीक्षणों में भी इनके परिणाम उत्साहजनक रहे। अब इन नस्लों के औपचारिक पंजीकरण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
एक ब्यांत में 449 लीटर तक दूध देने का रिकॉर्ड
सानन-बीटल नस्ल की एक बकरी के नाम एक ब्यांत में 449 लीटर दूध उत्पादन का रिकॉर्ड दर्ज है। इसके मुकाबले सामान्य देशी बकरी एक ब्यांत में करीब 150 से 200 किलो दूध देती है। अधिक दूध उत्पादन के कारण पशुपालकों को कम बकरियां रखकर भी बेहतर आमदनी हासिल करने का अवसर मिलेगा।
साल में तीन बच्चों तक को जन्म देने की क्षमता
इन उन्नत नस्लों की एक और विशेषता इनकी प्रजनन क्षमता है। सामान्य तौर पर देशी बकरी सालभर में औसतन दो बच्चों को जन्म देती है, जबकि सानन-बीटल और एल्पाइन-बीटल नस्लों में यह संख्या तीन तक पहुंच सकती है। इससे पशुपालकों को दूध बेचने के अलावा बकरी के बच्चों की बिक्री से भी अतिरिक्त कमाई हो सकेगी।
कम जगह में भी कर सकते हैं पालन
इन बकरियों को पालने के लिए बड़े चरागाह या खुले मैदान की अनिवार्यता नहीं है। इन्हें गायों की तरह बाड़े में रखकर भी पाला जा सकता है। ऐसे में कम जमीन वाले किसान और शहरी क्षेत्रों में पशुपालन करने के इच्छुक लोग भी इस व्यवसाय को अपना सकते हैं। सामान्य बकरी की कीमत करीब 7 से 8 हजार रुपये होती है, जबकि नई विकसित नस्ल के एक बकरे की नीलामी में कीमत 66 हजार रुपये तक पहुंच चुकी है।
दूध की औषधीय उपयोगिता से बढ़ेगी मांग
बकरी के दूध को पोषण और फार्मास्युटिकल (pharmaceutical) उपयोगिता के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जाता है। डेंगू जैसे मामलों में इसकी मांग बढ़ने की बात भी सामने आती रही है। एनडीआरआई के वैज्ञानिकों के अनुसार, अधिक दूध उत्पादन और बेहतर प्रजनन क्षमता वाली इन नस्लों से बकरी पालन को व्यावसायिक स्तर पर बढ़ावा मिल सकता है। अनुमान है कि एक उन्नत नस्ल की बकरी से दूध उत्पादन के जरिए सालाना करीब 7 हजार रुपये तक अतिरिक्त कमाई की जा सकती है। एनडीआरआई के निदेशक डॉ. धीर सिंह (Dr. Dheer Singh, Director, NDRI) के अनुसार, सानन और एल्पाइन विदेशी नस्लें हैं, जबकि बीटल पंजाब की प्रमुख नस्ल है। इनके गुणों के मेल से तैयार की गई नई नस्लें दूध उत्पादन बढ़ाने और पशुपालकों की आय में इजाफा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
