Elevated Road अब हिसार में नही लगेगा जाम, 681 करोड़ की लागत से तैयार होगा ऐलिवेटेड रोड़
HR Breaking News, हिसार ब्यूरो, उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने ऐलिवेटेड रोड की डीपीआर को सहमति दे दी है। उपमुख्यमंत्री डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट को लेकर संतुष्ट दिखे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस काम को तेजी से पूरा किया जाए। उपायुक्त डॉ प्रियंका सोनी (Deputy Commissioner Dr. Priyanka Soni) एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को एलिवेटेड रोड के निर्माण कार्य को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
डिप्टी सीएम ने एलिवेटेड रोड की डीपीआर एवं मैप के बारे में अधिकारियों के साथ विस्तार से बातचीत की। उन्होंने मानचित्र के माध्यम से एलिवेटेड रोड का निरीक्षण करते हुए सभी औपचारिकताओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए हैं। लोक निर्माण विभाग के अधीक्षक अभियंता हरपाल सिंह एवं कार्यकारी अभियंता नरेंद्र सिंह ने उप-मुख्यमंत्री को अवगत करवाया कि लोगों की सुविधा के लिए सिरसा से हिसार की तरफ से शहर में एंट्री के साथ ही एलिवेटेड रोड शुरू हो जाएगा। इसके निर्माण से शहर के बस स्टैंड, नागोरी गेट, राजगढ़ रोड, टाउन पार्क, डाबड़ा चौक, जिंदल चौक होते हुए जिंदल पुल तक बनाया जाएगा।
एलिवेटेड रोड को सेक्टर-14 के बाद डाउन-टर्न किया जाएगा। इस एलिवेटेड रोड पर शहर के मुख्य जंक्शनों पर पांच-छह एंट्री-एग्जिट प्वाइंट भी बनाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि साढ़े आठ किलोमीटर लंबाई के इस मार्ग के निर्माण कार्य पर 681 करोड़ रुपये की धनराशि खर्च की जाएगी। उन्होंने बताया कि एलिवेटेड रोड के निर्माण कार्य की प्रशासनिक अनुमति के लिए प्रस्ताव मुख्यालय भेजा गया है। इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के अनेक अधिकारी उपस्थित थे।