राजस्थान के पशु चिकित्सा महाविद्यालय के 40 विद्यार्थियों ने किया LUVAS का शैक्षणिक भ्रमण
LUVAS News Hisar : लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (लुवास), हिसार में राजस्थान पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (राजूवास), बीकानेर के अंतर्गत पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय, नवानिया, उदयपुर के 40 विद्यार्थियों एवं दो संकाय सदस्यों ने शैक्षणिक भ्रमण किया। उत्तर भारत के शैक्षणिक दौरे के अंतर्गत आयोजित इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को पशु चिकित्सा के क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों, व्यावहारिक प्रशिक्षण तथा वैज्ञानिक कार्यप्रणाली से परिचित कराना था।
पशु चिकित्सा विज्ञान महाविद्यालय, लुवास
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. विनोद कुमार वर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इस भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने लुवास के पशु चिकित्सा नैदानिक परिसर, विभिन्न प्रयोगशालाओं, पशु चिकित्सा शरीर रचना विभाग तथा विस्तार शिक्षा से संबंधित गतिविधियों का अवलोकन किया। विद्यार्थियों को पशुओं में विभिन्न रोगों की पहचान एवं निदान, पशु फार्म प्रबंधन, आधुनिक पशु चिकित्सा तकनीकों तथा पशुपालकों तक वैज्ञानिक जानकारी पहुंचाने की प्रक्रियाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
विद्यार्थियों के साथ संवाद किया
इस अवसर पर पशु चिकित्सा विज्ञान महाविद्यालय, लुवास के अधिष्ठाता प्रो. डॉ. अनीश यादव ने विद्यार्थियों के साथ संवाद किया। उन्होंने पशु चिकित्सा शिक्षा में व्यावहारिक प्रशिक्षण, नवीनतम तकनीकों के ज्ञान तथा पशुधन के स्वास्थ्य एवं उत्पादन में वैज्ञानिक दृष्टिकोण के महत्व पर प्रकाश डाला। विद्यार्थियों ने भी विभिन्न शैक्षणिक विषयों पर चर्चा करते हुए अपनी जिज्ञासाएं साझा कीं।
विश्वविद्यालय के सहायक निदेशक छात्र कल्याण डॉ. तेज प्रकाश यादव ने भ्रमण के समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस शैक्षणिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ना तथा उन्हें आधुनिक पशु चिकित्सा सुविधाओं एवं अनुसंधान गतिविधियों से परिचित कराना था। इस प्रकार के भ्रमण विभिन्न विश्वविद्यालयों के बीच शैक्षणिक संवाद, अनुभवों के आदान-प्रदान और आपसी सहयोग को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह भ्रमण विद्यार्थियों के लिए उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक साबित हुआ।