26.41 करोड़ रुपये की लागत से तलवंडी राणा में बनेगी नई सड़क, मिली मंजूरी
HR Breaking News (hisar news) : हिसार से चंडीगढ़ जाने वाले वाहन चालकों को जल्द ही 10 किलोमीटर के अतिरिक्त सफर से राहत मिल सकती है। एयरपोर्ट विस्तार के कारण बंद हुए पुराने रास्ते के विकल्प के तौर पर अब नई सड़क बनाने की योजना पर काम शुरू हो गया है। हिसार-धान्सू रोड (Hisar-Dhansu Road) स्थित बॉटलिंग प्लांट के पास से गांव तलवंडी राणा तक 2.3 किलोमीटर लंबी सड़क बनाई जाएगी। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने इस परियोजना को प्रशासनिक मंजूरी दे दी है। सड़क के निर्माण पर 26 करोड़ 91 लाख 71 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे।
निजी मालिकों से जमीन की सहमति लेने की प्रक्रिया शुरू
इस परियोजना को सिरे चढ़ाने के लिए करीब 11.5 एकड़ जमीन की व्यवस्था करनी होगी। इसमें वन विभाग, सरकारी भूमि (government land) और निजी जमीन शामिल है। विभाग ने जमीन हस्तांतरण और अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ा दी है। जीएलएफ की जमीन (GLF land) लेने के लिए संबंधित विभाग को पत्र भेजा गया है। इसके अलावा वन विभाग की जमीन के बदले दूसरी जगह भूमि उपलब्ध करवाने की योजना है। निजी जमीन के लिए मालिकों से सहमति लेने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।
कमेटी की गई थी गठित
नई सड़क का रूट तय करने के लिए तत्कालीन अतिरिक्त प्रधान सचिव एके सिंह (Additional Principal Secretary AK Singh) की अध्यक्षता में कमेटी गठित की गई थी। इसमें राजस्व, वन और नागरिक उड्डयन विभाग के अधिकारियों के साथ तलवंडी राणा रोड बचाओ संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों को भी शामिल किया गया था। कमेटी में समिति प्रधान ओमप्रकाश कोहली, पूर्व चेयरमैन रणधीर धीरू और पूर्व आईपीएस अधिकारी दलबीर भारती सहित अन्य सदस्य शामिल थे। कमेटी ने मौके का निरीक्षण करने के बाद तीन संभावित रास्तों पर विचार किया। इनमें से बॉटलिंग प्लांट (bottling plant) के नजदीक से एमटूके होटल तक निकलने वाले रास्ते को उपयुक्त मानते हुए अंतिम रूप दिया गया।
505 दिन तक धरना देकर संघर्ष किया
हिसार से चंडीगढ़ (Hisar to Chandigarh) जाने वाला एनएच-65 (NH-65) पहले तलवंडी राणा (Talwandi Rana) गांव से होकर गुजरता था। एयरपोर्ट के विस्तार के चलते यह रास्ता बंद कर दिया गया। इसके बाद गांव के लोगों और आसपास के क्षेत्र के वाहन चालकों को शहर तक पहुंचने के लिए करीब 10 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही थी। स्थायी रास्ते की मांग को लेकर तलवंडी राणा रोड बचाओ संघर्ष समिति (Road Bachao Sangharsh Samiti) ने लगातार 505 दिन तक धरना दिया था। विधानसभा चुनाव-2024 से पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी (Chief Minister Nayab Singh Saini) ने ग्रामीणों को नया रास्ता उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया था। इसके बाद तत्कालीन मंत्री डॉ. कमल गुप्ता और तत्कालीन डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा ने मुख्यमंत्री की ओर से ग्रामीणों को भरोसा दिलाकर धरना समाप्त करवाया था।
जमीन मिलते ही शुरू होगा निर्माण
पीडब्ल्यूडी मंत्री रणबीर गंगवा (PWD Minister Ranbir Gangwa) के अनुसार, ग्रामीणों को सीधा रास्ता देने के लिए कमेटी ने तीन विकल्पों पर काम किया था। इनमें सबसे छोटे और उपयुक्त रास्ते का चयन किया गया है। जमीन उपलब्ध होते ही निर्माण कार्य शुरू करवाया जाएगा।
समिति प्रधान एडवोकेट ओपी कोहली ने बताया कि एयरपोर्ट के विस्तार के कारण पहले का रास्ता बंद हुआ था। वैकल्पिक रास्ता भी स्थायी समाधान नहीं था, क्योंकि एयरपोर्ट (airport hisar) के आगे विस्तार के साथ उसके भी प्रभावित होने की आशंका थी। इसी वजह से समिति ने स्थायी सड़क की मांग उठाई थी। अब 2.3 किलोमीटर के नए रूट पर सहमति बनने से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।