मिड टर्म में कॉलेज के शिक्षकों की बदली, हिसार में 141 में से 121 शिक्षकों का तबादला
HR Breaking News (hisar news) : प्रदेश सरकार की कॉलेज कैडर के शिक्षकों के लिए लागू ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी (online transfer policy) के तहत हुए तबादलों का असर अब विद्यार्थियों की पढ़ाई पर पड़ने लगा है। शैक्षणिक सत्र के बीच में शिक्षकों के बड़े पैमाने पर स्थानांतरण होने से सरकारी कॉलेजों में पढ़ाई का क्रम प्रभावित हो रहा है। कई कॉलेजों में पुराने शिक्षक कार्यमुक्त हो चुके हैं, जबकि उनकी जगह आने वाले शिक्षकों ने अभी तक जिम्मेदारी नहीं संभाली है। ऐसे में कुछ विषयों की कक्षाएं नियमित नहीं लग पा रही हैं। इसका असर न केवल पाठ्यक्रम पूरा होने पर पड़ रहा है, बल्कि आगामी इंटरनल असेसमेंट (internal assessment) की तैयारियां भी प्रभावित होने लगी हैं। दिसंबर में सेमेस्टर परीक्षाएं प्रस्तावित होने के कारण विद्यार्थियों की परेशानी बढ़ गई है। पॉलिसी के तहत तबादले के बाद नए कॉलेज में कार्यभार संभालने के लिए शिक्षकों को आठ दिन का समय दिया गया है।
गुरु गोरखनाथ कॉलेज में 121 शिक्षकों का तबादला
जिले के गुरु गोरखनाथ जी राजकीय कॉलेज (Guru Gorakhnath Ji Government College) में शिक्षकों के तबादलों का आंकड़ा सबसे अधिक है। यहां कुल 141 शिक्षकों में से 121 का स्थानांतरण किया गया है। कॉलेज में फिलहाल 20 शिक्षकों के तबादले नहीं हुए हैं। इनमें दो एनसीसी इंचार्ज, चाइल्ड केयर लीव (child care leave) पर चल रहा एक शिक्षक, सेवानिवृत्ति में करीब दो महीने शेष रहने वाले तीन शिक्षक और नए शैक्षणिक सत्र में नियुक्त हुए आठ शिक्षक शामिल हैं।
महिला कॉलेज में 29 के तबादले
राजकीय कॉलेज अग्रोहा (Government College, Agroha) में भी ट्रांसफर ड्राइव का व्यापक असर हुआ है। यहां नियमित और डेपुटेशन पर पढ़ाने वाले सभी सात शिक्षकों का स्थानांतरण कर दिया गया है। कॉलेज में नियमित प्रिंसिपल का पद भी खाली था और एक शिक्षक को ही प्रिंसिपल का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया था। अब यह जिम्मेदारी भी नए शिक्षक को दी गई है। वहीं, राजकीय महिला कॉलेज (Government Women's College) में 32 नियमित शिक्षकों में से 29 का तबादला हुआ है। केवल तीन शिक्षक पुराने स्टाफ में रह गए हैं। हालांकि, यहां स्थानांतरित शिक्षकों की जगह नए शिक्षक कार्यभार संभाल चुके हैं। इसके बावजूद स्टाफ में हुए बड़े बदलाव से शैक्षणिक गतिविधियों और पढ़ाई के सामान्य संचालन पर असर पड़ रहा है।
इंटरनल असेसमेंट के रिकॉर्ड तैयार करना भी चुनौती
कॉलेजों में शिक्षकों की कमी का असर अब विद्यार्थियों के आंतरिक मूल्यांकन पर भी पड़ सकता है। विश्वविद्यालय के नियमानुसार इंटरनल असेसमेंट के लिए विद्यार्थियों की उपस्थिति, टेस्ट और असाइनमेंट का रिकॉर्ड तैयार करना जरूरी होता है। पुराने शिक्षक विद्यार्थियों की अब तक की शैक्षणिक गतिविधियों से परिचित होते हैं, लेकिन उनके स्थानांतरण और नए शिक्षकों के कार्यभार नहीं संभालने से मूल्यांकन की प्रक्रिया प्रभावित होने की आशंका है। कई विभागों में विषय विशेषज्ञ शिक्षकों की अनुपलब्धता के कारण नियमित लेक्चर भी नहीं हो पा रहे हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को एक तरफ अधूरे पाठ्यक्रम की चिंता है, तो दूसरी तरफ दिसंबर में होने वाली सेमेस्टर परीक्षाओं की तैयारी का दबाव भी है।
सत्र शुरू होने पर ही पूरी करनी चाहिए ट्रांसफर प्रक्रिया
शिक्षाविद् डॉक्टर सत्य सुरेंद्र सिंगला (Educationist Dr Satya Surendra Singla) के अनुसार, कॉलेजों में शिक्षकों की ट्रांसफर ड्राइव शैक्षणिक सत्र के बीच में चलाने के बजाय जून या जुलाई में पूरी कर लेनी चाहिए। शिक्षक और विद्यार्थियों के बीच बेहतर तालमेल बनने में समय लगता है। मिड टर्म में शिक्षक बदलने से पढ़ाई की निरंतरता टूटती है और विद्यार्थियों को नए शिक्षक के साथ दोबारा सामंजस्य बैठाना पड़ता है। दिसंबर में सेमेस्टर परीक्षाएं होनी हैं और इससे पहले इंटरनल असेसमेंट भी होना है। ऐसे में नए शिक्षक के लिए विद्यार्थियों का मूल्यांकन करना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। उन्होंने कहा कि आठ दिन की जॉइनिंग अवधि के कारण कई जगह पुराने शिक्षक रिलीव हो चुके हैं, लेकिन नए शिक्षकों के नहीं पहुंचने से कक्षाएं बाधित हो रही हैं।