हिसार में जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के लिए लोगों को लगाने पड़ रहे दफ्तर के चक्कर
Hisar News :जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के लिए लोगों को निगम कार्यालय के चक्कर काटने पड रहे हैं। जिससे लोगों को काफी समय लगाना पड़ रहा है। सबसे अधिक दिक्कत पेरेंट्स को बच्चों के नाम ठीक करवाने में आ रही है। पोर्टल में चल रही समस्या के कारण इन दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। चलिए जानते हैं लोगों को क्या परेशानी आ रही है।
HR Breaking News (Hisar News) : नगर निगम (nagar nigam hisar) में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र (Birth-Death Certificate) बनवाना और उनमें किसी तरह का संशोधन कराना लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। आवेदन करने के बाद भी लोगों को समय पर प्रमाण पत्र नहीं मिल रहे हैं। कई आवेदक पिछले दो महीने से निगम कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन हर बार उन्हें इंतजार करने की बात कहकर लौटा दिया जाता है। खासकर बच्चों के नाम में सुधार कराने वाले अभिभावकों को परेशानी उठानी पड़ रही है, क्योंकि स्कूलों में अपडेटेड प्रमाण पत्र जमा कराने का दबाव है।
सीआरएस पोर्टल मुख्य कारण
इस देरी के पीछे सीआरएस पोर्टल (CRS Portal) की नई व्यवस्था को वजह बताया जा रहा है। पहले जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र शाखा में काम के बंटवारे और कर्मचारियों की जरूरत के अनुसार अलग-अलग लॉगिन आईडी से काम होता था। इससे कई कर्मचारी एक साथ आवेदनों का निपटारा कर सकते थे। अब पूरे कार्यालय के लिए एक ही लॉगिन आईडी सक्रिय होने से एक समय में एक ही कर्मचारी पोर्टल पर काम कर पा रहा है। इसका असर प्रमाण पत्र जारी करने और संशोधन की प्रक्रिया पर पड़ रहा है।
रोजाना आते हैं नए आवेदन, पुराने भी लंबित
शाखा में हर दिन नए (hisar latest news) आवेदन पहुंच रहे हैं। इनमें जन्म प्रमाण पत्र में नाम जुड़वाने, नाम की स्पेलिंग ठीक कराने और अन्य संशोधन से जुड़े मामले शामिल हैं। इसके अलावा मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित आवेदन भी आते हैं। एक तरफ नए आवेदनों की संख्या बढ़ रही है, वहीं पहले से लंबित मामलों का निपटारा धीमा होने के कारण लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है।
बेटे के नाम में सरनेम जुड़वाने के लिए दो महीने से इंतजार
स्थानीय निवासी भारत ने बताया कि उन्होंने अपने बेटे के जन्म प्रमाण पत्र में सरनेम जुड़वाने के लिए करीब दो महीने पहले आवेदन किया था, लेकिन अभी तक संशोधित प्रमाण पत्र नहीं मिला है। स्कूल प्रबंधन लगातार अपडेटेड बर्थ सर्टिफिकेट जमा कराने के लिए कह रहा है। निगम कार्यालय में संपर्क करने पर अधिकारी जल्द काम होने का आश्वासन देते हैं, लेकिन प्रमाण पत्र मिलने की निश्चित तारीख नहीं बताते।
मुख्यालय से ही दूर होगी समस्या
नगर निगम के एएमसी प्रदीप हुड्डा ने इस बारे में बतया कि सीआरएस पोर्टल में किए गए बदलाव के कारण अब एक ही लॉगिन आईडी से काम करना पड़ रहा है। पहले जरूरत के अनुसार कई कर्मचारियों को लॉगिन की सुविधा उपलब्ध थी, जिससे काम एक साथ हो जाता था। नई व्यवस्था में काम की गति प्रभावित हुई है। इस संबंध में उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया है। लॉगिन व्यवस्था में बदलाव मुख्यालय स्तर से ही संभव है।