home page

Faridabad Noida Distance: कम होगी हरियाणा और यूपी के बीच की दूरी, ये प्रोजेक्ट सफर को देंगे नई उड़ान

यमुना नदी पर विभिन्न प्रोजेक्ट के तहत बनाए जा रहे तीन अलग अलग पुल हरियाणा और यूपी के बीच की दूरी को कम करने का काम करेंगे। जिसके साथ ही इन पुल के बन जाने के बाद फरीदाबाद और नोएडा के बीच का सफर भी बेहद कम समय में तय होता दिखाई देगा।
 | 
Faridabad Noida Distance:  कम होगी हरियाणा और यूपी के बीच की दूरी, ये प्रोजेक्ट सफर को देंगे नई उड़ान

HR Breaking News, डिजिटल डेस्क नई दिल्ली, फरीदाबाद में यमुना नदी पर बनने वाले तीन पुल हरियाणा और यूपी के बीच मौजूद घंटों की दूरी को मिनटों में समेट देंगे। अलग-अलग प्रोजेक्ट के तहत बन रहे इन पुलों का निर्माण पूरा होने के बाद फरीदाबाद से नोएडा महज 20 मिनट में पहुंचा जा सकेगा। अभी इन दोनों शहरों के बीच दिल्‍ली होकर आना-जाना पड़ता है। इनमें से मंझावली पुल का निर्माण कार्य अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है। यह पुल इसी साल वाहनों के आवागमन के लिए शुरू कर दिया जाएगा। जिसके बाद फरीदाबाद के विकास को नया रफ्तार मिलेगी।


इसके अलावा, फरीदाबाद को नोएडा और गाजियाबाद से जोड़ने के लिए गांव लालपुर के पास यमुना पर बनने वाले पुल का निर्माण कार्य भी फरवरी माह से शुरू कर दिया जाएगा। फरीदाबाद को नोएडा के अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से जोड़ने के लिए बल्लभगढ़ क्षेत्र में भी यमुना पर पुल बनाया जाएगा। यह पुल ग्रीन एक्‍सप्रेसवे पर बनाया जाएगा। इस प्रोजेक्ट का निर्माण कार्य पहले ही शुरू हो चुका है। इसे वर्ष 2024 तक पूरा किया जाना है।


मार्च माह से मंझावली पुल शुरू
बता दें कि फरीदाबाद और नोएडा-ग्रेटर नोएडा के बीच रोजाना हजारों लोग सफर करते हैं। ये दोनों शहर पास होने के बाद भी एक दूसरे से काफी दूर हैं। इस दूरी का सबसे बड़ा कारण यमुना नदी है। दोनों शहरों के बीच इस नदी पर अभी तक एक भी पुल नहीं बना है। जिसके कारण दोनों शहरों के हजारों लोगों को रोजाना दिल्‍ली के कालिंदी कुंज होकर आना-जाना पड़ता है। इसमें डेढ़ से दो घंटे का समय लग जाता है। हालांकि जल्‍द ही मंझावली पुल तैयार होने वाला है। इस पुल के शुरू होने के बाद दोनों शहर के लोग मात्र 20 मिनट में एक से दूसरे शहर जा सकेंगे। फरीदाबाद लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों का दावा है कि इस पुल को मार्च माह में लोगों की आवाजाही के लिए लिए खोल दिया जाएगा।


फरवरी माह से एफएनजी पर कार्य शुरू
इसके अलावा इसी साल फरवरी माह से फरीदाबाद-नोएडा-गाजियाबाद (एफएनजी) कॉरिडोर पर भी कार्य शुरू हो जाएगा। इस प्रोजेक्‍ट के पूरा होने के बाद तीनों शहरों के बीच की दूरी बहुत कम हो जाएगी। इस प्रोजेक्‍ट के तहत लालपुर में यमुना नदी पर पुल बनाया जाएगा। इसके लिए जमीन चिन्हित कर ली गई है। अब सरकार से निर्माण कार्य शुरू करने के लिए मंजूरी मिलने का इंतजार है। अधिकारियों के अनुसार इसी माह टेंडर जारी कर दिया जाएगा और फरवरी माह से निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।