home page

Delhi News : दिल्ली में ऊपर दौड़ेगी मेट्रो नीचे दौड़ेगी बाइक और कार, नया कॉरिडोर हो रहा तैयार

Delhi News - दिल्ली में जल्द ही एक नया डबल-डेकर कॉरिडोर तैयार होने वाला है। इसमें ऊपर मेट्रो ट्रेनें (metro train) दौड़ेंगी, जबकि नीचे सड़क पर बाइक और कारें चलेंगी। यह बदलाव भीड़भाड़ वाले इलाकों में आवागमन को आसान बनाने और यात्रियों के लिए यात्रा को तेज और सुविधाजनक बनाने के लिए किया जा रहा है... इससे जुड़ी पूरी डिटेल जानने के लिए खबर को पूरा पढ़ लें-

 | 
Delhi News : दिल्ली में ऊपर दौड़ेगी मेट्रो नीचे दौड़ेगी बाइक और कार, नया कॉरिडोर हो रहा तैयार

HR Breaking News, Digital Desk- (Delhi News) इस साल दिल्ली के परिवहन ढांचे में एक नया बदलाव आने वाला है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) द्वारा बनाए जा रहे डबल-डेकर वायाडक्ट अब तैयार हैं। इन वायाडक्ट्स में नीचे सड़क यातायात और ऊपर मेट्रो ट्रेन चलेगी, जिससे भीड़भाड़ वाले इलाकों में आवागमन में आसानी और बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

दिल्ली का पहला डबल-डेकर वायाडक्ट भजनपुरा और यमुना विहार मेट्रो स्टेशनों के बीच मौजपुर-मजलिस पार्क कॉरिडोर पर तैयार हो चुका है और मेट्रो ट्रेनों का संचालन इसके ऊपर संभव है। वहीं, सड़क यातायात के लिए बनाया जा रहा रैंप अभी निर्माणाधीन है और इसे इस साल पूरा किए जाने की संभावना है।

इसके अलावा, आजादपुर और अशोक विहार मेट्रो स्टेशनों के बीच दूसरा डबल-डेकर वायाडक्ट भी इसी साल तैयार होने की संभावना है। वहीं, नई गोल्डन लाइन (new golden line) पर प्रस्तावित तीसरे डबल-डेकर वायाडक्ट का निर्माण कार्य भी तेजी से जारी है।

DMRC के मुताबिक, दिल्ली में कुल तीन डबल-डेकर वायाडक्ट बनाए जा रहे हैं, जिन्हें दिल्ली सरकार के सहयोग से विकसित किया जा रहा है। इन वायाडक्ट्स में निचले स्तर पर सड़क यातायात चलेगा, जबकि ऊपरी स्तर पर मेट्रो ट्रेनें (metro trains) संचालित होंगी।

उत्तर-पूर्वी दिल्ली की तस्वीर बदलेगा पहला डबल-डेकर प्रोजेक्ट-

1.4 किलोमीटर लंबा भजनपुरा-यमुना विहार डबल-डेकर वायाडक्ट (Bhajanpura-Yamuna Vihar Double-Decker Viaduct) उत्तर-पूर्वी दिल्ली के घनी आबादी वाले इलाकों से होकर गुजरता है। यह 12.3 किलोमीटर लंबे मौजपुर-मजलिस पार्क कॉरिडोर का हिस्सा है, जो पिंक लाइन के विस्तार के तहत तैयार किया जा रहा है।

DMRC अधिकारियों के मुताबिक इस कॉरिडोर पर निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, ट्रायल रन जारी हैं और मेट्रो रेल सेफ्टी कमिश्नर (CMRS) द्वारा निरीक्षण भी हो चुका है।

अधिकारियों ने बताया कि सड़क हिस्से के लिए रैंप का निर्माण पहले पेड़ों की कटाई की अनुमति न मिलने के कारण रुका था। अब अनुमति मिलने के बाद इसका काम फिर से शुरू कर दिया गया है और इसे इसी वर्ष पूरा किए जाने की योजना है।

इस कॉरिडोर के चालू होने के बाद पिंक लाइन DMRC नेटवर्क की पहली सर्कुलर लाइन बन जाएगी, जिससे यात्री बिना लाइन बदले लंबी दूरी तक आसानी से यात्रा कर सकेंगे।

मैजेंटा और गोल्डन लाइन पर भी तेजी से काम जारी-

दूसरा 2.2 किलोमीटर लंबा डबल-डेकर वायाडक्ट जनकपुरी वेस्ट-आरके आश्रम मार्ग कॉरिडोर (Janakpuri West-RK Ashram Marg Corridor) पर बनाया जा रहा है, जो मैजेंटा लाइन के विस्तार का हिस्सा है। यहां रैंप सेक्शन में फाउंडेशन का काम और स्वतंत्र फ्लाईओवर हिस्से में गर्डर लगाने का काम जारी है।

अधिकारियों के अनुसार यह परियोजना भी इसी साल पूरी हो जाएगी, हालांकि पूरा 29.3 किलोमीटर लंबा आरके आश्रम-जनकपुरी वेस्ट कॉरिडोर अगले वित्त वर्ष में चरणबद्ध तरीके से खोला जाएगा।

तीसरा और सबसे लंबा 2.4 किलोमीटर का डबल-डेकर वायाडक्ट संगम विहार और आंबेडकर नगर के बीच बनाया जा रहा है। यह 23.6 किलोमीटर लंबे तुगलकाबाद-एयरोसिटी कॉरिडोर (Tughlakabad-Aerocity Corridor), यानी गोल्डन लाइन का हिस्सा है। यहां मेट्रो पिलर (metro pillar) और वायाडक्ट के स्पैन का निर्माण कार्य तेज़ी से जारी है।

फेज-IV में 112 किलोमीटर का बड़ा मेट्रो विस्तार-

- DMRC के फेज-IV विस्तार के तहत कुल 112.4 किलोमीटर लंबाई के छह नए कॉरिडोर और 94 नए स्टेशन प्रस्तावित हैं। इनमें से तीन प्रमुख कॉरिडोर ऐसे हैं, जिनमें प्रत्येक में एक-एक डबल-डेकर वायाडक्ट (Double-decker viaduct) शामिल है।

- इसी चरण में 8.3 किलोमीटर लंबा साकेत जी-ब्लॉक-लाजपत नगर कॉरिडोर (Saket G-Block-Lajpat Nagar Corridor) भी शामिल है, जो गोल्डन लाइन का विस्तार होगा। इस कॉरिडोर पर निर्माण कार्य 8 दिसंबर से शुरू हो चुका है।

- इस मार्ग पर दिल्ली मेट्रो (delhi metro) देश की पहली तीन-कोच ट्रेन सेवा शुरू करने जा रही है, जिसे खास तौर पर कम दूरी की शहरी यात्राओं को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। यह दक्षिण दिल्ली के लिए एक अहम संपर्क मार्ग बनेगा।

- इसके अलावा इंदरलोक-इंद्रप्रस्थ (ग्रीन लाइन विस्तार) और रिठाला-नरेला-कुंडली (रेड लाइन विस्तार) कॉरिडोरों पर भी इसी साल निर्माण कार्य शुरू करने की योजना है।

- हाल ही में केंद्रीय मंत्रिमंडल (Union Cabinet) ने फेज-IV के तहत तीन अतिरिक्त कॉरिडोरों को मंजूरी दी है। इनमें आरके आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ, तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज, और एयरोसिटी से टर्मिनल-1 कॉरिडोर शामिल हैं।