UP School Holidays : ठंड से कांपा यूपी, एक बार फिर बढ़ाई गई स्कूलों की छुटि्टयां
School Closed : देश के कई राज्यों में भयंकर ठंड पड़ रही है और घने कोहरे की वजह से विजिबिलिटी काफी कम हो गई है। इसी बीच अब भीषण शीतलहरों ने ठंड को और बढ़ा दिया है। लोग घरों में बंद रहने के लिए मजबूर हो गए हैं। ऐसे में बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूलों की छु़ट्टियों को आगे बढ़ा दिया गया है। चलिए जानते हैं कितने दिन बंद रहेंगे स्कूल-
HR Breaking News (ब्यूरो)। बरेली में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का प्रकोप लगातार जारी है। शीतलहर से लोगों की कंपकंपी छूट रही है। मौसम विभाग ने सर्दी को लेकर रेड अलर्ट जारी है। वहीं, घने कोहरे और तापमान में लगातार गिरावट के चलते कक्षा एक से 12वीं तक के स्कूलों में अवकाश 16 जनवरी तक बढ़ा दिया गया है।
इस तारीख तक बंद रहेंगे स्कूल-
सर्दी के कारण स्कूलों में पहले से ही अवकाश चल रहा है। कोहरे के कारण धूप न निकलने की वजह से गलन बढ़ रही है। इस वजह से शिक्षक संगठनों ने भी छुट्टियों का समय बढ़ाने की मांग रखी थी। हालांकि डीआईओेएस ने निर्देशों के अनुपालन के लिए स्कूलों को पत्र जारी किया है। अब 16 जनवरी तक स्कूल बंद रहेंगे।
मकर संक्रांति पर ठंड का रेड अलर्ट-
बरेली में छह साल बाद मकर संक्रांति पर ठंड का रेड अलर्ट जारी हुआ है। रविवार को दिनभर शहरवासी ठिठुरते रहे। बाजारों में चहल-पहल कम रही। शाम ढलते ही सड़कें सूनी हो गईं। रात में घने कोहरे ने शहर को अपने आगोश में ले लिया। रविवार को अधिकतम तापमान 12.1 डिग्री और न्यूनतम 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दृश्यता 25 मीटर से भी कम रही।
रुहेलखंड के कुछ जिलों में पड़ सकता है पाला
मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार दो दिन तक सीवियर कोल्ड डे रहेगा। फिर सतही स्तर पर हवा का रुख बदलेगा। पुरवाई चलने पर हल्की राहत मिलेगी। इसी दौरान रुहेलखंड के कुछ जिलों में शीतलहर से कहीं-कहीं पाला पड़ने की आशंका है।
ठंड से बचाव के सुझाव
- वाहन चलाते समय हेलमेट लगाएं, फॉग लाइट जलाएं।
- बेहद जरूरी न होने तक घर से बाहर निकलने से बचें।
- त्वचा रूखी और खुजलाहट हो सकती हैं, क्रीम लगाएं।
- विटामिन सी से भरपूर फल, सब्जियां खाएं। गर्म पानी पीएं।
- गीले कपड़े न पहनें। सुन्न स्थान को गर्म पानी से सामान्य करें।
- हीटर, ब्लोअर, अलाव जलाएं पर वेंटिलेशन बनाए रखें।
- विद्युत और गैस उपकरण प्रयोग करते समय सुरक्षा उपाय करें।
