नीलोखेड़ी में युवक द्वारा 6 लोगों को कुचलने का मामला : आज होगा 2 मृतकों का अंतिम संस्कार

HR BREAKING NEWS. हरियाणा के करनाल जिले के नीलोखेड़ी कस्बे में एक युवक ने कार से 6 लोगों को कुचल दिया। हादसे में जेठ-भाभी की मौत हो गई। दोनों का पोस्टमार्टम आज होगा। इसके बाद नीलोखेड़ी में ही मृतक सुभाष व महिला राज रानी का अंतिम संस्कार किया जाएगा। दो दिन पहले ही परिवार में शादी हुई थी। इसके बाद हुए हादसे से परिवार के दो सदस्यों के चले जाने से घर में मातम छाया हुआ है।
दो दिन से चूल्हा भी नहीं जला है। मृतका के परिजनों ने बताया कि कॉलोनी का युवक अकसर तेज गति से गाड़ी चलाते हुए आता-जाता है। उनके घर में शादी के कारण मेहमान और बच्चे आए हुए हैं तो इसलिए युवक को गाड़ी आराम से व सावधानी से चलाने के लिए समझाया तो तैश में आकर उसने समझाने वालों के परिजनों पर गाड़ी चढ़ा दी।
आगे और पीछे का पहिया ऊपर से निकला
हैफेड कॉलोनी नीलोखेड़ी निवासी रितू ने बताया कि आरोपी युवक अजय रोजाना यहां से तेज रफ्तार में गाड़ी चलाकर निकलता है। उनके घर में परसो शादी थी। कल उनके घर में रिसेप्शन का कार्यक्रम था। सुबह के समय घर के बाहर खड़े होकर परिवार के सदस्य बातचीत कर रहे थे। इस दौरान एंडेवर गाड़ी चलाते हुए आया और घर के सामने रैंप पर खड़े सदस्यों के ऊपर चढ़ा दी।
टक्कर लगने से सभी नीचे गिर गए और चाची राज रानी के ऊपर से आगे और पीछे वाला पहिया गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ताऊ सुभाष ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। भाभी की हालत भी गंभीर है। मां की टांग टूट गई है। आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।। ब शीला, रंजीत कौर, रजनीश व बेबी घायल हैं।
जानबूझकर चढ़ाई गाड़ी, जल्द करेंगे गिरफ्तार
थाना प्रभारी कंवर सिंह ने बताया कि पुलिस की टीम ने आरोपी गिरफ्तारी के लिए कई स्थानों पर छापामारी की। दो लोगों की मौत हुई है। चार घायल हैं। मामले की जांच चल रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। अभी तक की जांच में सामने आया कि युवक ने जानबूझकर गाड़ी चढ़ाई है।