बुजुर्ग महिला की चारपाई पर मिली लाश, घर में अकेली सो रही थी

कैथल। एक बुजुर्ग महिला की रात को घर में घुकसर हत्या कर दी गई। वारदात की वजह लूटपाट बताई जा रहा है। सुबह जब परिवार उठा तो चारपाई पर बुजुर्ग महिला मृत पड़ी थी। बुजुर्ग के कानों, नाक और गले समेत तमाम गहने भी नहीं थे। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का जायजा लिया। वहीं महिला का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बुजुर्ग महिला की पहचान जींद बाईपास स्थित जनकपुरी कॉलोनी की रहने वाली चरणजीत कौर उम्र 60 साल के रूप में हुई है। पुलिस को दी शिकायत में महिला के बेटे गुरप्रीत सिंह ने बताया कि शनिवार रात खाना खाकर वो और उसकी पत्नी और दो बेटों के साथ ऊपर सोने चले गए थे। नीचे घर के बाहर वाली साइड बने नौहरे में उसकी मां चरणजीत कौर अकेली सो रही थी। सुबह जब वो उठा और मां के जागी नहीं मिलने पर वो वहां गए तो उनकी मां का शव चारपाई पर पड़ा था। कानों, नाक और गले से सोने के गहने भी निकाल लिए गए थे। वहीं बगल वाले कमरे में सामान भी बिखेरा पड़ा था। आशंका है कि घर से और भी चीजें चोरी करने की कोशिश थी। इसके बाद उन्होंने पुलिस को घटना की सूचना दी।
थाना सिविल लाइंस प्रभारी अमित कुमार का कहना है कि जींद बाईपास इलाके में रविवार सुबह एक महिला की हत्या की सूचना उन्हें मिली थी। पुलिस ने मौके पर जाकर घटना स्थल का जायजा लिया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया। पुलिस ने अज्ञात लुटेरों पर केस दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की पहचान में थोड़ी दिक्कत होगी, क्योंकि लूटेरों ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की तार काट दी थी।