home page

Success Story : किराना व्यापारी की बेटी ने पास की यूपीएससी परीक्षा, कड़ी मेहनत से हासिल की 9वीं रैंक

Success Story - कड़ी मेहनत और लगातार प्रयास के दम पर एक किराना व्यापारी की बेटी ने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में शानदार सफलता हासिल की है। उन्होंने ऑल इंडिया 9वीं रैंक प्राप्त कर न सिर्फ अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से इलाके में खुशी और गर्व का माहौल है-

 | 
Success Story : किराना व्यापारी की बेटी ने पास की यूपीएससी परीक्षा, कड़ी मेहनत से हासिल की 9वीं रैंक

HR Breaking News, Digital Desk- (Success Story) संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा घोषित सिविल सेवा परीक्षा के परिणाम में कांधला की रहने वाली आस्था जैन ने ऑल इंडिया नौवीं रैंक हासिल की है। इससे पहले वह दो बार यूपीएससी परीक्षा (upsc exam) दे चुकी हैं। पहली बार में 131वीं रैंक के साथ आईपीएस (IPS) बनी थीं, जबकि दूसरी बार में उन्हें 181वीं रैंक प्राप्त हुई थी।

आईएएस बनने का सपना पूरा करने के लिए उन्होंने तीसरी बार परीक्षा दी थी। फिलहाल वह हैदराबाद में आईपीएस की ट्रेनिंग (IPS training in Hyderabad) ले रही हैं। उनकी सफलता की खबर मिलते ही घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया और लोगों ने माता-पिता को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की।

कस्बे के किराना व्यापारी की बेटी, पहले प्रयास में बनी थीं आईपीएस-

कांधला कस्बे के मोहल्ला सरावज्ञान निवासी आस्था के पिता अजय कुमार जैन कस्बे में ही किराना और कंफेक्शनरी की दुकान चलाते हैं। उन्होंने बताया कि आस्था शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रही हैं और उनका लक्ष्य हमेशा से आईएएस अधिकारी बनना था। वर्ष 2023 में पहले ही प्रयास में उन्होंने यूपीएससी परीक्षा में 131वीं रैंक हासिल की थी, जिसके बाद उनका चयन आईपीएस के लिए हुआ और उन्हें राजस्थान कैडर मिला। वर्तमान में वह हैदराबाद में ट्रेनिंग कर रही हैं। (UPSC Result 2025)

 जुनून के चलते नहीं मानी हार-

आईएएस बनने के जुनून के चलते उन्होंने हार नहीं मानी। दूसरे प्रयास में उन्हें 186वीं रैंक मिली, जिससे वह संतुष्ट नहीं हुईं। इसके बाद तीसरे प्रयास में टॉप-10 में जगह बनाकर उन्होंने अपना लक्ष्य (aastha jain secures 9th rank in upsc exam) हासिल कर लिया। आस्था की मां ममता जैन ने बताया कि बेटी ने प्रारंभिक शिक्षा कस्बे से प्राप्त की, जबकि हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई शामली के स्कॉटिश इंटरनेशनल स्कूल से पूरी की।

साल 2019 में इंटरमीडिएट की परीक्षा में आस्था ने 500 में से 496 अंक हासिल कर सीबीएसई के परिणामों में देशभर में चौथा स्थान प्राप्त किया था। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक (बीए) की डिग्री ली और वहीं रहकर कोचिंग के साथ-साथ सेल्फ स्टडी (self study) और ऑनलाइन माध्यमों से तैयारी जारी रखी। आस्था ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, बहन आंचल और खुशी, भाई सार्थक तथा अपने गुरुजनों को दिया है।

परिवार में जश्न का माहौल, बधाई देने पहुंच रहे लोग-

आस्था के चयन की सूचना मिलते ही पिता ने बाजार में मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया। परिणाम आने के बाद मुहल्लेवासी, स्कूल के निदेशक राजीव गर्ग समेत बड़ी संख्या में लोगों ने आस्था को फोन कर बधाई दी। वहीं, प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी एक्स पर पोस्ट कर आस्था को शुभकामनाएं दी हैं। (Aastha Jain Success Story)