Haryana Budget 2022: धर्मनगरी पर सीएम मनोहर की बरसात, ज्योतिसर तीर्थ, बाइपास और नर्सिग कॉलेज को मिली हरी झंडी

HR Breaking News, धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र पर मनोहर बजट की खूब बरसात हुई। गीता की स्थली ज्योतिसर में गीता थीम पार्क के लिए 205 करोड़, शहर में 750 करोड़ के बाइपास और नर्सिंग कालेज को झंडी मिल गई। इनमें से बाइपास नया प्रोजेक्ट है। गीता थीम पार्क और नर्सिंग कालेज का काम प्रगति पर है। इन तीनों प्रोजेक्ट के मूर्त रूप से मिलने पर कुरुक्षेत्र को नया रूप मिलेगा।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने वित्त मंत्री के नाते मंगलवार को विधानसभा में बजट पेश करना शुरू किया तो लोगों ने आनलाइन और टीवी पर राहत की उम्मीद के साथ बजट को देखना शुरू किया। आम से लेकर खास की नजर बजट पर थी। दोपहर बाद करीब साढ़े 12 बजे तक लोग बजट की जोड़ तोड़ में लगे रहे।
बाइपास शहर की सबसे बड़ी मांग
कुरुक्षेत्र में बाइपास की सबसे बड़ी और पुरानी मांग है। विधायक सुभाष सुधा इसको कई बार विधानसभा में उठा चुके हैं। करीब पांच साल पहले इसका सर्वे कार्य भी किया गया है। करीब 23 किलोमीटर लंबे बाईपास पर करीब 750 करोड़ लागत आने अनुमान है। यह पिहोवा रोड पर ज्योतिसर से शुरू होकर झिरबड़ी गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-44 में मिलेगा।
इससे आगे मथाना के पास कुरुक्षेत्र यमुनानगर रोड पर मिलेगा। इसके मूर्त रूप में आने के बाद यमुनानगर से कैथल या आगे जाने वाले हैव्वी व्हीकलों को शहर में नहीं आना पड़ेगा। बाइपास पर चार ओवरब्रिज बनाए जाएंगे। एक ओवरब्रिज दिल्ली-अंबाला रेलवे ट्रैक और दूसरा कुरुक्षेत्र-नरवाना रेल लाइन पर होगा। यहां 70 फीसद पंचायत की जमीन आती है। बाकी 30 फीसद किसानों की है।
ज्योतिसर तीर्थ को किया जा रहा विकसित
ज्योतिसर तीर्थ को विकसित किया जा रहा है। यहां महाभारत-गीता थीम पार्क बनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने बजट में इसके लिए 205 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया है। इसके मूर्त रूप में आने के बाद कुरुक्षेत्र में आने वाले पर्यटकों को खास केंद्र मिल जाएगा। यहां महाभारत और गीता की प्रदर्शनी के साथ इसको वीडियो से दिखाया जाएगा।
यहीं पर करीब 10 करोड़ की लागत से श्रीकृष्ण का विराट स्वरूप लगाया गया है। इसको प्रोजेक्शन मैपिंग से रंग बिरंगी लाइटों से दिखाया जाएगा। कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के मानद सचिव मदन मोहन छाबड़ा ने बताया कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल 48 कोस कुरुक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले तीर्थों को विकसित कर रहे हैं। गीता महोत्सव को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई गई है।
नर्सिंग कालेज को हरी झंडी
कुरुक्षेत्र में नर्सिंग कालेज को झंडी मिली है। हालांकि खेड़ी रामनगर में नर्सिंग कालेज निर्माणाधीन है। इसकी तीन मंजिल बन चुकी हैं। इसके मूर्त रूप में आने के बाद कुरुक्षेत्र के शिक्षण क्षेत्र में एक और उपलब्धि जुड़ जाएगी। स्थानीय युवतियों को नर्सिंग की पढ़ाई के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। विधायक सुभाष सुधा ने बताया कि नर्सिंग कालेज का बाकी कार्य इस बजट में मंजूर किया गया है। इसका निर्माण कार्य जल्द ही पूरा करा दिया जाएगा।
बजट से बढ़ा बोझ : अरोड़ा
पूर्व मंत्री ने कहा कि भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार प्रदेश के हर वर्ग की अनदेखी कर रही है। प्रदेश दिन-प्रतिदिन कर्ज के बोझ तले दबता जा रहा है। इस बजट से प्रदेश पर 2 लाख 43 हजार करोड़ का कर्जा हो जाएगा, जबकि कांग्रेस सरकार जाते समय मात्र 60 हजार करोड़ का कर्ज था।
उन्होंने कहा कि भाजपा-जजपा सरकार की नीतियों के कारण आज प्रदेश में पैदा होने वाला प्रत्येक बच्चा लगभग एक लाख रुपये का कर्जा अपने सिर पर लेकर पैदा होता है। अरोड़ा ने कहा कि बजट का 31.79 प्रतिशत ब्याज और कर्जे के भुगतान की किस्तों में जाएगा, जबकि 37.25 प्रतिशत कर्मचारियों के वेतन तथा पेंशन इत्यादि पर खर्च होगा। 69 प्रतिशत राशि इन दोनों मदों पर खर्च होगी।