हिसार के खरड़ में किसानों ने किया ओपी धनखड़ का विरोध, बदलना पड़ा रास्ता
HR BREAKING NEWS. खेती कानूनों को लेकर हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी और इसके सहयोगी दल जननायक जनता पार्टी के नेताओं की मुश्किलें कम नहीं हो रही। आए दिन किसी न किसी नेता को किसानों के विरोध का सामना करना पड़ रहा है। गुरुवार को ऐसा ही कुछ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ के साथ भी हुआ। हालांकि रास्ता बदलकर किसानों के देशव्यापी धरने से बचने का भी धनखड़ ने प्रयास किया, लेकिन यह उनके काम नहीं आया। दूसरी जगह भी हाथों में काले झंडे लेकर किसान आगे ही खड़े थे। इन्हें देखकर पूर्व मंत्री उल्टे पांव दौड़ पड़े। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है।
मिली जानकारी के अनुसार भाजपा हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ को गुरुवार सुबह 11 बजे हिसार के मिल गेट एरिया में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने आना था। इसी से हिसार के बीच रास्ते में पड़ते मय्यड़ टोल पर लगातार किसानों का धरना चल रहा था। वहां होने वाले विरोध से बचने के लिए धनखड़ ने ढाणी कुतुबपुर होते हुए खरड़ से निकलने का प्रयास किया, लेकिन खरड़ गांव में किसान पहले से ही रास्ते पर काले झंडे लिए खड़े थे।
इसके बाद किसानों को दूर से देखते ही धनखड़ ने वापस दौड़ लगा दी। ध्यान रहे ऐसा पहली बार नहीं हुआ है। पिछले करीब 7 महीने से प्रदेश में कई बार मुख्यमंत्री से लेकर तमाम नेताओं मंत्रियों-विधायकों के रास्ते घेरे जा चुके हैं। हिसार में ही मुख्यमंत्री के विरोध के चलते हुए लाठीचार्ज और FIR का मसला आज तक माहौल को गर्माए हुए है। इससे थोड़ा पहले यहीं इसी टोल पर जजपा विधायक जोगीराम सिहाग को भी घेरा गया था। डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा को भी टोल से वापस लौटना पड़ा था। टोहाना में जजपा विधायक देवेंद्र बबली के विरोध का वीडियो भी खूब चर्चित रहा था, वहीं हाल ही में दो दिन पहले यमुनागनर में गृहमंत्री अनिल विज को भी किसानों ने काले झंडे दिखाए।
