भाजपा ने पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर व कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला फूंका
एचआर ब्रेकिंग न्यूज। हिसार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने जब विपक्ष की राजनीति करने की सारी उम्मीदों पर पानी फेर दिया तो अब कांग्रेस व अन्य पार्टियां किसानों के नाम पर उकसावे की राजनीति कर देश में अव्यवस्था फैला रही हैं, जो निंदनीय है। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर के बयान से यह तो स्पष्ट है कि हरियाणा और दिल्ली में चलाए जा रहे तथाकथित किसान आंदोलन का किसानों से कोई वास्ता नहीं, क्योंकि यह कांग्रेस, वामपंथी और कुछ राजनीतिक कुकुरमुत्तों का षड्यंत्र है व कांग्रेस द्वारा पोषित है।
यह बात भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष कैप्टन भूपेंद्र ने पार्टी कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष कैप्टन भूपेंद्र के नेतृत्व में पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर व कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला फूंका। इस दौरान हिसार विधायक डा. कमल गुप्ता, प्रदेश मंत्री सरोज सिहाग, पूर्व चेयरमैन करण सिंह रानोलिया, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सोनाली फोगाट, प्रवीण जैन, जिला महामंत्री प्रवीण पोपली व एडवोकेट धर्मवीर रातेरिया, सभी मोर्चा, प्रकोष्ठ व मंडलों से पदाधिकारियों सहित अनेक कार्यकर्ता शामिल हुए और जिला कार्यालय के आगे सैंकड़ों की संख्या में पहुंचकर दोनों पुतलों को आग के हवाले किया। जिलाध्यक्ष कैप्टन भूपेंद्र ने कहा कि हरियाणा किसानों के मामले में देश में अग्रणी है। हरियाणा के किसानों को देश में सबसे समृद्ध किसान माना जाता है। भारतीय जनता पार्टी की मनोहर सरकार न केवल सबसे ज्यादा फसलें एमएसपी पर खरीदती है बल्कि देश में सबसे ज्यादा दाम देकर किसानों के प्रति अपनी कृतज्ञता भी दर्शा रही है। दूसरी ओर पंजाब और राजस्थान किसानों के नाम पर सिर्फ राजनीति कर रहे हैं और वहां किसानों की हालत बहुत ही दयनीय है।
जिला अध्यक्ष ने कहा कि किसान आंदोलन को हरियाणा और दिल्ली में करने के कैप्टन अमरिंदर के बयान ने उनकी हताशा और तुच्छ राजनीति की पराकाष्ठा को प्रदर्शित किया है, जो निंदनीय है। उन्होंने सवाल किया कि क्या राजनीति देश से बढ़कर है उनके लिए आज राजनीतिक तुष्टीकरण के लिए वे किसानों को उकसा कर हरियाणा और दिल्ली में आंदोलन करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। कहीं ऐसा ना हो कि हरियाणा की एमएसपी और खरीद प्रक्रिया को देखकर पंजाब के किसान कैप्टन अमरिंदर का ही घेराव कर बैठें। कांग्रेस के नेताओं के बयान से यह तो झलकता ही है कि वे नरेंद्र मोदी द्वारा किए जा रहे देश हित व विकास के कार्यों से व्यथित हैं और भ्रष्टाचार, व्यभिचार व अव्यवस्थाओं के ऊपर अंकुश लगने से उनकी रोजी-रोटी शायद खतरे में पड़ गई है।
प्रदर्शन में उपस्थित विधायक डॉ. कमल गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं की भाषा गुंडों की भाषा बन चुकी है। पंजाब का मुख्यमंत्री खुले मंच से हरियाणा में गुंडागर्दी करने और अव्यवस्था फैलाने के लिए लोगों को उकसा कर अपनी चेतना शून्यता और गिरे हुए मानसिक स्तर का परिचय दे रहा है।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष कृष्ण बिश्नोई, अशोक कनौजिया, अशोक सैनी, जिला मंत्री संजीव रेवड़ी, कृष्ण खटाना, जिला मीडिया प्रभारी राजेंद्र सपड़ा, आईटी सह संयोजक अनिल कैरो, रामचंद्र गुप्ता, सुरेंद्र सिंह सैनी, रमेश मिर्जापुर, संजय सेहरा, सुरजीत ख्यालिया, आशीष जोशी, अशोक ढ़ालिया, प्रवीण बंसल, रतन सैनी, विनोद तोशावर, सतीश सुरलिया, अमृत सागर, गणेश दत्त शर्मा, शमशेर पंघाल, कैप्टन नरेंद्र शर्मा, विजयपाल खरखड़ी, सुनील वर्मा, लोकेश असीजा, राजपाल श्योराण, विनोद सपरा, लक्ष्मी देवी, अन्वेष यादव, सुशील रेड्डू, सुग्रीव थालोड, मनप्रीत सिरसवा, नरेश सोनी, राकेश गुलाटी, जगदीश चंद्र, राममेहर बैरागी, नत्थू राम, रामसिंह वर्मा, पवन जैन, सुभाष शर्मा, विशाल सैनी, कृष्ण दायमा, कुलदीप, धर्मवीर राजली, रणधीर बूरा हरिपाल, राजीव कुलेरी, महिंद्र सिंह पान्नू, त्रिलोक चंद सिहाग, अनिल मल्हान, सत्यवान कड़वासरा, संदीप लांबा, राजेश व अन्य कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित थे।
