सीएम खट्टर ने किया माधोगढ़ व ढोसी के पहाड़ पर विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, पत्रकारों ने कवरेज करने से रोकने पर दिया धरना

HR BREAKING NEWS, नारनौल। हरियाणा के CM मनोहर लाल खट्टर शनिवार को नारनौल पहुंच चुके हैं। CM ने यहां एतिहासिक ढोसी का पहाड़ व माधोगढ़ पहाड़ी का दौरा करने के साथ ही करोड़ों रुपए की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन किया। इस दौरान महेन्द्रगढ़ के माधोगढ़ किला पहुंचने से पहले ही कवरेज से रोके जाने पर पत्रकारों ने धरना दिया। करीब आधे घंटे तक पत्रकार धरने पर बैठे रहे। हालांकि बाद में पत्रकारों को रोकने वाले पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर करने के आश्वासन के बाद धरना समाप्त किया गया।
बता दें कि ढोसी की पहाड़ी अरावली पर्वत श्रंखला का हिस्सा है, जिसे पर्यटन क्षेत्र में विकसित करने के लिए प्रदेश सरकार ने यहां कई परियोजनाएं शुरू की हैं। यह नारनौल शहर से कुछ दूरी पर है। माधोगढ़ की पहाड़ी भी ऐतिहासिक है। दोनों ही जगहों को पर्यटन क्षेत्र में उभारने की कोशिश सरकार की तरफ से की जा रही है। कुछ माह पहले भी सीएम मनोहर लाल का यहां पहुंचने का प्रोग्राम बना था, लेकिन खराब मौसम की वजह से वे यहां पहुंच नहीं पाए थे।
हेलिकॉप्टर से पहुंचे सीएम
मुख्यमंत्री मनोहर लाल हेलिकॉप्टर के जरिए सबसे पहले नारनौल की ढोसी की पहाड़ी पर पहुंचे। यहां उनके साथ राज्यमंत्री ओमप्रकाश यादव व नांगल चौधरी से विधायक डा. अभय सिंह भी साथ रहे। करीब 45 मिनट यहां रुकने के बाद वह माधोगढ़ किले के लिए निकले।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने इन दोनों ही पहाड़ी पर पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विभाग के अधिकारियों के साथ मुआयना करते हुए मंथन भी किया। भविष्य में यहां पर किस प्रकार की सुविधाएं दी जा सकती हैं, इस पर चर्चा की। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रही। बड़ी संख्या में पुलिस जवानों को तैनात किया गया है।
माधोगढ़ की पहाड़ी से सीएम ने आजम नगर सीहोर के 33 केवी सब स्टेशन का उद्घाटन किया। यह सब स्टेशन 299.85 लाख रुपए की लागत से तैयार हुआ है। इसके अलावा यहीं से सतनाली में बनने वाली सीएचसी का भी शिलान्यास भी किया। इस भवन पर करीब 1058.83 लाख रुपए खर्च होंगे। यहां स्वास्थ्य कर्मियों के लिए आवासीय भवन भी बनाए जाएंगे।