Chunav Result 2022: पंजाब में राम रहीम की रिहाई नही आई कोई काम, डेरा फैक्टर फैल

HR Breaking News, सिरसा, पंजाब विधानसभा चुनाव के शुरूआती रूझानों के साथ ही आम आदमी पार्टी बढ़त बनाए हुए है। आप पार्टी बहुमत की ओर आगे बढ़ रही है। इस चुनाव में डेरा सच्चा सौदा का जादू भी नहीं चल पाया है। डेरे का पंजाब की राजनीति में बड़ा प्रभाव माना जाता था। दावा किया जाता था कि डेरा की राजनैतिक विंग जिस दल का समर्थन करती है, उसकी सरकार बननी तय होती है। इस बार डेरा ने कुछ सीटों को छोड़कर अधिकतर पर भाजपा को समर्थन दिया था। लेकिन वहां भाजपा सिमटती दिखाई दे रही है।
97 सीटों पर भाजपा को समर्थन दिया था
डेरा से जुड़े सूत्रों की माने तो पंजाब विधानसभा चुनाव में डेरा सच्चा सौदा की राजनैतिक विंग ने 97 सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों को समर्थन दिया था। पांच सीटों पर कांग्रेस, सात पर आम आदमी पार्टी और आठ सीटों पर अकाली दल को समर्थन किया था। पंजाब के मालवा क्षेत्र में डेरे का खासा प्रभाव माना जाता है लेकिन इस बार चुनाव परिणामों में बहुत बड़ा उल्ट फेर हुआ है। चुनाव से पहले डेरा सच्चा सौदा की राजनैतिक विंग ने पंजाब के विभिन्न हलकों का दौरा किया था।
चुनाव से पहले डेरा प्रमुख को मिली थी 21 दिन की फरलो
पंजाब चुनाव में मतदान से पहले डेरा प्रमुख गुरमीत सिंह को 21 दिनों की फरलो दी गई थी। इस फरलो को भी चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा था। डेरा प्रमुख को ऐन चुनाव के मौसम में फरलो देने का निर्णय कहीं न कहीं राजनैतिक लाभ लेना माना जा रहा था। लेकिन ये सब दावे चुनाव परिणामों के साथ हवा होते दिखाई देने लगे हैं। डेरा प्रमुख फरलो के दौरान गुरुग्राम में ही रहा। वह सार्वजनिक रूप से किसी से नहीं मिला। पंजाब चुनाव में उतरे एक प्रत्याशी ने फरलो को रद करने की मांग को लेकर हाईकोर्ट में याचिका भी दी थी।