Gurugram में सेक्टरल प्लान में बदलाव, कनेक्टिविटी होगी बेहतर
Gurugram - गुरुग्राम के सेक्टरल प्लान में बदलाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है, जिससे शहर की कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाया जा सके। प्रस्तावित संशोधनों के तहत नई सड़क और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर (infrastrucutre) की योजना तैयार की गई है। इससे आसपास के क्षेत्रों में आवाजाही आसान होगी और शहरी विकास को गति मिलने की उम्मीद है-
HR Breaking News, Digital Desk- (Gurugram) गुरुग्राम के सेक्टर 36A में शहरी इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए सेक्टरल प्लान में संशोधन की प्रक्रिया शुरू की गई है। इस संबंध में हरियाणा टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग (Haryana Town and Country Planning Department) ने एक सार्वजनिक नोटिस जारी किया है। नोटिस में गुरुग्राम-मानेसर (Gurugram-Manesar) अर्बन कॉम्प्लेक्स 2031 के तहत सेक्टर 36A के सेक्टरल प्लान में बदलाव का प्रस्ताव रखा गया है।
विभाग ने आम जनता से प्रस्तावित संशोधनों के संबंध में 30 दिनों के भीतर आपत्तियां और सुझाव आमंत्रित किए हैं।
विभाग के मुताबिक, हरियाणा स्टेट इंडस्ट्रियल एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (HSIIDC) ने सेक्टर 36A में कनेक्टिविटी सुधारने के लिए जमीन अधिग्रहित की है। इस भूमि पर करीब 30 मीटर चौड़ी नई आंतरिक सड़क प्रस्तावित है, जो क्षेत्र को सेंट्रल पेरिफेरल रोड (CPR) से बेहतर तरीके से जोड़ेगी।
प्रस्तावित सड़क के अलाइनमेंट को शामिल करने के लिए सेक्टर 36A के मौजूदा सेक्टरल प्लान में संशोधन किया जा रहा है। राज्य सरकार इस प्रस्ताव को पहले ही सैद्धांतिक मंजूरी दे चुकी है और अब इसके औपचारिक रूप से लागू करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
2012 के सेक्टरल प्लान में प्रस्तावित संशोधन-
टाउन प्लानिंग विभाग के अनुसार, गुरुग्राम-मानेसर अर्बन कॉम्प्लेक्स-2031 (Gurugram-Manesar Urban Complex-2031) फ्रेमवर्क के तहत सेक्टर 36, 36A, 36B और 37B के लिए सेक्टरल प्लान मूल रूप से 20 दिसंबर, 2012 को तैयार किया गया था, और बाद में 24 दिसंबर, 2012 को इसे मंज़ूरी दी गई थी।
हरियाणा स्टेट इंडस्ट्रियल एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (HSIIDC) द्वारा जमीन अधिग्रहण और नई सड़क के प्रस्ताव के चलते सेक्टर 36A के सेक्टरल प्लान में संशोधन जरूरी हो गया है। इसे लेकर संशोधित मसौदा योजना पहले से स्वीकृत प्लान के साथ विभाग की वेबसाइट पर अपलोड की गई है, ताकि आम लोग दस्तावेजों की समीक्षा कर सकें और अपनी आपत्तियां दर्ज करा सकें। आपत्तियां 30 दिनों के भीतर दी जा सकती हैं।
सार्वजनिक नोटिस के अनुसार, प्रस्तावित संशोधन पर कोई आपत्ति या सुझाव देने वाले व्यक्ति इसे लिखित रूप में सीनियर टाउन प्लानर, गुरुग्राम (सेक्टर-14, HUDA कॉम्प्लेक्स) के कार्यालय में जमा कर सकते हैं। यह आपत्तियां नोटिस जारी होने की तारीख से 30 दिनों के भीतर देनी होंगी। तय समय सीमा के बाद प्राप्त सुझावों या आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा।
कनेक्टिविटी सुधरने से विकास को मिलेगी नई गति-
प्रस्तावित 30 मीटर चौड़ी सड़क के बनने से सेक्टर-36A समेत आसपास के इलाकों में कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है। इससे औद्योगिक और आवासीय क्षेत्रों (industrial and residential areas) के बीच आवाजाही आसान होगी। साथ ही गुरुग्राम-मानेसर क्षेत्र में शहरी विकास को भी नई गति मिलने की संभावना है।
सार्वजनिक नोटिस जारी होने के बाद विभाग अब स्थानीय निवासियों, भूमि मालिकों और अन्य हितधारकों से प्रतिक्रियाओं का इंतजार कर रहा है। प्राप्त सुझावों और आपत्तियों पर विचार करने के बाद संशोधित सेक्टरल प्लान को अंतिम रूप दिया जाएगा।
