1973 के बाद पहली बार सोने ने दिया 30 दिन में इतना रिटर्न, चांदी भी 7वें आसमान के पार
Gold Return - वैश्विक बाजार में जारी अनिश्चितताओं के बीच सोने और चांदी की कीमतों में ऐतिहासिक तेजी देखने को मिल रही है। 1973 के बाद पहली बार सोने ने महज 30 दिनों में जबरदस्त रिटर्न दिया है। वहीं चांदी ने भी नए रिकॉर्ड बनाते हुए निवेशकों को चौंका दिया है... आइए नीचे खबर में चेक कर लेते है सोने के ताजा भाव क्या चल रहे हैं-
HR Breaking News, Digital Desk- (Gold Price) सोने में 29 जनवरी को भी तेजी बनी रही। गोल्ड 1973 के बाद पहली बार किसी एक महीने में सबसे ज्यादा रिटर्न देने की ओर बढ़ रहा है। जनवरी 2026 में अब तक सोना करीब 28 फीसदी मजबूत हो चुका है। वहीं चांदी ने भी नया इतिहास रचते हुए 120 डॉलर प्रति औंस का स्तर पार कर लिया है। यह पहला मौका है जब सिल्वर इतनी ऊंचाई पर पहुंचा है।
2% की मजबूती के साथ गोल्ड 5,514 डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा-
29 जनवरी को स्पॉट गोल्ड में 2.1 फीसदी की तेजी दर्ज की गई और यह बढ़कर 5,514.03 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। कारोबार के दौरान एक समय सोने की कीमत 5,594.82 डॉलर प्रति औंस के उच्च स्तर तक चली गई थी। वहीं फरवरी डिलीवरी वाले यूएस गोल्ड फ्यूचर्स में 3.8 फीसदी का उछाल आया और यह 5,508.40 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, आर्थिक हालात और बढ़ती जियोपॉलिटिकल अनिश्चितताओं के चलते बुलियन बाजार में लगातार मजबूती बनी हुई है।
दुनिया के सबसे बड़े गोल्ड ETF की होल्डिंग्स 4 साल के उच्चतम स्तर पर पहुंचीं-
गोल्डसिल्वर सेंट्रल के मैनेजिंग डायरेक्टर ब्रायन लैन ने कहा कि कीमती धातुओं में तेजी इसलिए देखने को मिल रही है, क्योंकि निवेशक बेहतर रिटर्न की उम्मीद में उसी एसेट क्लास की ओर रुख करते हैं, जहां मुनाफा ज्यादा दिखता है। इसी कड़ी में 28 जनवरी को क्रिप्टो समूह टेदर (Tether) के सीईओ ने संकेत दिया था कि वह अपने निवेश पोर्टफोलियो का 10 से 15 फीसदी हिस्सा फिजिकल गोल्ड में लगाने की योजना बना रहे हैं। इस बढ़ती मांग का असर यह है कि दुनिया के सबसे बड़े गोल्ड ETF, एसपीडीआर गोल्ड ट्रस्ट की होल्डिंग्स (SPDR Gold Trust's holdings) करीब चार साल के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई हैं।
जियोपॉलिटिकल टेंशन बढ़ने से सोने-चांदी की कीमतों को मिला जोरदार सपोर्ट-
28 जनवरी को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (US President Donald Trump) ने ईरान पर न्यूक्लियर डील को लेकर दबाव बढ़ाया। वहीं ईरान ने चेतावनी दी है कि अगर उस पर कोई हमला किया गया तो वह अमेरिका, इजरायल और उनके सहयोगी देशों को कड़ा जवाब देगा। इन घटनाक्रमों से जियोपॉलिटिकल तनाव (Geopolitical tensions) और गहरा गया है।
इसी बीच 28 जनवरी को अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व (Federal Reserve, the US central bank) ने ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया। अब बाजार को जून में इंटरेस्ट रेट कट की उम्मीद है, जो सोने और चांदी जैसी सुरक्षित निवेश श्रेणियों के लिए सपोर्टिव माना जा रहा है।
दिल्ली में चांदी की कीमत 4 लाख रुपये प्रति किलो के पार पहुंची-
दिल्ली में 29 जनवरी को चांदी की कीमत (silver price) 4 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के पार पहुंच गई। वहीं सोना भी उछाल के साथ 1.83 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया। ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन (All India Sarafa Association) के अनुसार, घरेलू बाजार में चांदी में लगातार चौथे दिन तेजी दर्ज की गई। साल 2026 में अब तक चांदी की कीमत 1,65,500 रुपये यानी करीब 69.2 फीसदी बढ़ चुकी है। 2025 के अंत में चांदी का भाव 2,39,000 रुपये प्रति किलो था।
