GJU में युवा महोत्सव कल से होगा, नई प्रतिभाओं को मिलेगा मंच
HR Breaking News (Hisar News) : गुरु जंभेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (Guru Jambheshwar University of Science and Technology) में तीन दिन तक युवाओं की कला, संस्कृति और रचनात्मकता का संगम देखने को मिलेगा। विश्वविद्यालय परिसर में 21 से 23 नवंबर तक 14वें प्रबोधिनी यूनिवर्सिटी यूथ फेस्टिवल-2026 (Prabodhini University Youth Festival-2026) का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव में विभिन्न महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों के विद्यार्थी नृत्य, गायन, नाटक, साहित्य और ललित कला से जुड़ी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे। आयोजन को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
महाराणा प्रताप स्टेडियम में होगा शुभारंभ
महोत्सव का शुभारंभ 21 नवंबर को महाराणा प्रताप स्टेडियम (Maharana Pratap Stadium) में होगा। उद्घाटन समारोह में चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (Chaudhary Charan Singh Haryana Agricultural University) के कुलपति प्रो. बीआर काम्बोज और चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय, जींद के कुलपति प्रो. आरपी सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (Guru Gobind Singh Indraprastha University), नई दिल्ली के सीओई प्रो. गुलशन कुमार और चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के रजिस्ट्रार डॉ. सुनील कुमार विशिष्ट अतिथि रहेंगे। गुजविप्रौवि के कुलपति प्रो. विजय कुमार मुख्य संरक्षक और रजिस्ट्रार डॉ. विजय कुमार संरक्षक होंगे। आयोजन डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर प्रो. एमके शर्मा के मार्गदर्शन में किया जाएगा।
पहले दिन लोक संस्कृति और संगीत की दिखेगी झलक
महोत्सव के (gju news) पहले दिन सुबह 8:30 बजे पंजीकरण शुरू होगा। इसके बाद सांस्कृतिक शोभायात्रा और उद्घाटन समारोह होगा। प्रतियोगिताओं में शास्त्रीय एकल नृत्य, कोरियोग्राफी, संस्कृत नाटक, मिमिक्री और माइम के माध्यम से विद्यार्थी अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। हरियाणवी ऑर्केस्ट्रा (Haryanvi Orchestra), लोक वाद्य संगीत, पश्चिमी गायन, वेस्टर्न इंस्ट्रूमेंटल और समूह गायन की प्रस्तुतियां भी होंगी। इसके अलावा क्विज, कविता पाठ, ऑन-द-स्पॉट पेंटिंग, मेहंदी, रंगोली, फोटोग्राफी, पोस्टर मेकिंग और कार्टूनिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
दूसरे दिन हरियाणवी नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियां रहेंगी आकर्षण
22 नवंबर को हरियाणवी एकल नृत्य के साथ महिला और पुरुष वर्ग की नृत्य प्रतियोगिताएं होंगी। समूह नृत्य के जरिए भी विद्यार्थी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। नाट्य विधाओं में हिंदी स्किट, हिंदी वन एक्ट प्ले, हरियाणवी स्किट, प्रदेश की परंपराओं और रीति-रिवाजों पर आधारित प्रस्तुतियां तथा स्वांग शामिल रहेंगे। वहीं शास्त्रीय गायन, शास्त्रीय वाद्य संगीत, सामान्य लोकगीत एकल और समूह गायन की प्रतियोगिताएं भी होंगी। साहित्यिक और रचनात्मक गतिविधियों में वाद-विवाद, एल्यूकेशन, इंस्टॉलेशन, कोलाज और क्ले मॉडलिंग का आयोजन किया जाएगा।अंतिम दिन कव्वाली और समूह नृत्य से होगा समापन
23 नवंबर को महोत्सव के आखिरी दिन सामान्य वर्ग में समूह नृत्य प्रतियोगिता होगी। इसके अलावा भारतीय शास्त्रीय ऑर्केस्ट्रा, कव्वाली और लाइट इंडियन वोकल सोलो की प्रस्तुतियां होंगी। दोपहर 2 बजे समापन समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें तीन दिनों तक चली प्रतियोगिताओं का समापन होगा।