हांसी में बनाया जाएगा नया आधुनिक स्टेडियम, चंडीगढ़ में एस्टीमेट और ड्राइंग प्रक्रिया शुरू
HR Breaking News (Hisar News) : हांसी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों के लिए अच्छी खबर है। शहर में प्रस्तावित खेल स्टेडियम (Sports stadium hisar) को लेकर अब विभागीय स्तर पर काम आगे बढ़ने लगा है। स्टेडियम में कौन-कौन सी सुविधाएं विकसित की जाएंगी और इसके निर्माण पर कितनी राशि खर्च होगी, इसका खाका तैयार किया जा रहा है। खेल विभाग ने चंडीगढ़ पीडब्ल्यूडी (Chandigarh PWD) को ड्राइंग और एस्टिमेट बनाने की जिम्मेदारी दी है। करीब 15 दिन पहले विभाग की ओर से इस संबंध में पत्र भेजा गया था। मुख्यालय से स्वीकृति मिलने के बाद अब इसकी प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
कई खेलों के हिसाब से तैयार होगा स्टेडियम
प्रस्तावित (hansi news) स्टेडियम को कई खेलों की जरूरतों के हिसाब से विकसित करने की योजना है। यहां फुटबॉल, हॉकी, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, हैंडबॉल और लॉन टेनिस जैसे खेलों के लिए मैदान व कोर्ट बनाए जाएंगे। इसके अलावा खिलाड़ियों के अभ्यास और प्रशिक्षण के लिए बॉक्सिंग हॉल, जूडो हॉल, फिटनेस हॉल, मल्टीपर्पज हॉल और रनिंग ट्रैक जैसी सुविधाएं भी प्रस्तावित हैं। स्टेडियम परिसर में एक भवन और मंच का निर्माण भी किया जाएगा।
एस्टिमेट तैयार होने के बाद फाइनल होगा बजट
पीडब्ल्यूडी की ओर से तैयार की जाने वाली ड्राइंग में स्टेडियम का पूरा लेआउट और अलग-अलग खेलों के लिए निर्धारित जगह का विवरण होगा। वहीं, एस्टिमेट से निर्माण में आने वाली संभावित लागत का पता चलेगा। इन दोनों के तैयार होने के बाद बजट और निर्माण कार्य को लेकर अगली कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण में रास्ते और जलभराव का भी रखा ध्यान
स्टेडियम निर्माण की योजना को आगे बढ़ाने से पहले मुख्यालय के अधिकारियों की टीम ने प्रस्तावित जमीन का निरीक्षण किया था। इस दौरान क्षेत्र में बाढ़ और जलभराव की स्थिति, स्टेडियम तक पहुंचने के रास्ते और भविष्य में इसके संचालन व रखरखाव जैसे पहलुओं पर विचार किया गया।
पर्यटन विभाग से खेल विभाग को मिली जमीन
हांसी में स्टेडियम (stadium in hansi) के लिए चिह्नित जमीन पहले पर्यटन विभाग के पास थी। बाद में इसे खेल विभाग के नाम स्थानांतरित कर दिया गया। जमीन का मालिकाना हक मिलने के बाद खेल विभाग ने स्टेडियम निर्माण की औपचारिक प्रक्रिया शुरू करने के लिए मुख्यालय से अनुमति मांगी थी। मंजूरी मिलने के बाद ड्राइंग और एस्टिमेट तैयार करवाने का काम चंडीगढ़ पीडब्ल्यूडी को सौंपा गया है।
