{"vars":{"id": "93802:4123"}}

धनतेरस पर जाने लक्ष्मी कुबेर पूजन का समय 

dhanteras muhurat 2026 : धनतेरस (dhanteras muhurat) पर लक्ष्मी कुबेर पूजन का विशेष महत्व होता है। इस वर्ष की धनतेरस 6 नवंबर को मनाई जाएगी। इस दिन बाजार में करोड़ों रुपये का कारोबार होता है। वहीं धनतेरस पर पूजा के लिए समय बहुत महत्वपूर्ण हो जाता है। चलिए जानते हैं इसके बारे में विस्तार से।       
 

HR Breaking News (dhanteras muhurat 2026) : धन, आरोग्य और सुख-समृद्धि का प्रतीक धनतेरस का पर्व शुक्रवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस दिन भगवान धन्वंतरि, माता लक्ष्मी और भगवान कुबेर की विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। हनुमान मंदिर (hanuman mandir hisar) के पंडित ओमप्रकाश के अनुसार, लक्ष्मी-कुबेर पूजन (lakshmi-kuber pujan) के लिए शाम 6:11 बजे से रात 8:07 बजे तक का समय शुभ रहेगा। कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि शुक्रवार सुबह 10:30 बजे से आरंभ होकर शनिवार सुबह 10:47 बजे तक रहेगी।

इसलिए की जाती है पूजा 

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, धनतेरस को धन त्रयोदशी और धन्वंतरि जयंती के नाम से भी जाना जाता है। पौराणिक कथाओं में उल्लेख है कि समुद्र मंथन के दौरान इसी दिन भगवान धन्वंतरि अमृत कलश लेकर प्रकट हुए थे। उन्हें आयुर्वेद और चिकित्सा का जनक तथा आरोग्य का देवता माना जाता है। यही वजह है कि इस दिन श्रद्धालु बेहतर स्वास्थ्य, लंबी आयु और परिवार की खुशहाली की कामना के साथ उनकी पूजा करते हैं।

सोना-चांदी और धातुओं की खरीदारी का विशेष महत्व

धनतेरस के दिन खरीदारी को शुभ माना जाता है। इस अवसर पर बाजारों में सोने-चांदी के आभूषणों के साथ पीतल और तांबे के बर्तन खरीदने की परंपरा है। लोग अपनी श्रद्धा और बजट के अनुसार घर के लिए नए सामान, बर्तन और अन्य उपयोगी वस्तुओं की खरीदारी करते हैं। मान्यता है कि इस दिन घर में नई वस्तु लाने से सुख-समृद्धि आती है।

यम दीपक का विशेष महत्व 

धनतेरस पर पूजा के साथ यम दीपदान का भी विशेष महत्व है। परंपरा के अनुसार, सूर्यास्त के बाद घर के बाहर दक्षिण दिशा में यमराज के नाम से दीपक जलाया जाता है। धार्मिक विश्वास है कि ऐसा करने से परिवार पर अकाल मृत्यु का संकट दूर रहता है। वहीं, घर के मुख्य द्वार पर दीप प्रज्वलित कर माता लक्ष्मी का स्वागत किया जाता है। इसी के साथ पांच दिनों तक चलने वाले दीपावली महापर्व का शुभारंभ हो जाता है।