home page

Superfast Train: अब दिल्ली के लिए हर तीन घंटे में मिलेगी सुपरफास्ट ट्रेन, यात्रियों को बड़ी सौगात

रेलवे यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। ताजा अपडेट के चलते अब दिल्ली जाने वाले रेलवे यात्रियों को हर तीन घंटे बाद सुपरफास्ट ट्रेन की सुविधा मिलेगी। आइए जानते है यात्रियों के लिए कब से शुरू हो रही है सुपरफास्ट ट्रेन की सुविधा
 
 | 
Superfast Train:  अब दिल्ली के लिए हर तीन घंटे में मिलेगी सुपरफास्ट ट्रेन, यात्रियों को बड़ी सौगात

HR Breaking News, डिजिटल डेस्क नई दिल्ली, चंडीगढ़ से अब हर तीन घंटे बाद नई दिल्ली के लिए सुपरफास्ट ट्रेन मिलेगी। इससे पहले चंडीगढ़ से नई दिल्ली के बीच चार शताब्दी ट्रेनों का संचालन होता था, लेकिन दोपहर 12 बजे से शाम साढ़े छह बजे तक लंबा गैप पड़ जाता था। अब वंदे भारत एक्सप्रेस के शुरू होने से यह गैप पूरा हो जाएगा।

वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की टाइमिंग काफी बेहतर है और रेलवे अधिकारियों की मानें तो इसके शुरू होने से रीजन के लोगों को खासा फायदा मिलेगा। चंडीगढ़ से नई दिल्ली के बीच चलने वाली शताब्दी ट्रेनों की सीट क्षमता पर गौर करें तो सामान्य दिनों में 60 से 70 फीसद सीटें बुक रहती हैं।


वहीं, वीकेंड में यह यात्री क्षमता 80 से 90 फीसद रहती है। वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का शुभारंभ 13 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हिमाचल प्रदेश के ऊना से करेंगे। वीरवार को चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से यह ट्रेन सवा 12 बजे दिल्ली के लिए रवाना होगी। इस ट्रेन का फाइनल शेड्यूल आना बाकी है।

इस प्रकार है सुपरफास्ट ट्रेनों का शेड्यूल

मौजूदा समय में चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से वैसे तो कई सुपरफास्ट ट्रेनें चलती हैं, लेकिन अकेले चंडीगढ़ से नई दिल्ली के बीच मौजूदा समय में पांच सुपरफास्ट ट्रेनों का शेड्यूल है। इन सुपरफास्ट ट्रेनों के शेड्यूल पर गौर करें तो पहली कालका-नई दिल्ली शताब्दी ट्रेन (12006) चंडीगढ़ से सुबह 6:53 बजे दिल्ली के लिए जाती है। दूसरी चंडीगढ़-नई दिल्ली शताब्दी ट्रेन (12046) दोपहर 12:05 बजे स्टेशन से रवाना होती है।

यह ट्रेन बुधवार को छोड़कर बाकी सभी दिन इस रूट पर चलती है। इसके बाद पहले इस रूट पर गैप था, जिसे आज से वंदे भारत एक्सप्रेस पूरा कर देगी। वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन दोपहर 3:15 बजे चंडीगढ़ से दिल्ली के लिए रवाना होगी। कालका-नई दिल्ली शताब्दी ट्रेन (12012) शाम 6:23 बजे और अंतिम जन शताब्दी ट्रेन (12058) शाम को 7:33 बजे चंडीगढ़ से दिल्ली के लिए रवाना होती है।


हिमाचल महासभा हाथों में तिरंगा लेकर करेगी ट्रेन का स्वागत

हिमाचल महासभा चंडीगढ़ का कहना है कि वीरवार को शुरू होने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की हिमाचलवासियों के लिए दीपावली का उपहार है। महासभा के सदस्यों का कहना है कि चौथी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन हिमाचल प्रदेश की एकमात्र ब्राडगेज लाइन ऊना-अंब-अंदौरा तक जाएगी, जिसका हजारों लोगों को फायदा होगा। ट्रेजरर डीआर चौधरी ने बताया कि हिमाचली भाईचारे को इस रेल सुविधा का बहुत फायदा होगा।

इससे लोगों का कीमती समय और पैसा भी बचेगा और बेहतर सुविधा भी मिल सकेगी। हिमाचल महासभा के अध्यक्ष पृथ्वी सिंह प्रजापति ने कहा कि हिमाचल महासभा के सदस्य चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर निर्धारित समय पर वंदे भारत रेल आगमन पर हाथ में तिरंगा और सिर पर पहाड़ी टोपी पहनकर स्वागत करेंगे।