दिल्ली-एनसीआर में बनाया जाएगा दिल्ली मेट्रो का नया कॉरिडोर, 11 किलोमीटर का होगा मेट्रो का नया रूट
HR Breaking News, Digital Desk- (Delhi-NCR) दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने यशोभूमि मेट्रो स्टेशन (द्वारका, सेक्टर-25) को इफ्को चौक मेट्रो स्टेशन से जोड़ने की एक नई योजना बनाई है। DMRC ने इस मेट्रो लाइन की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने के लिए हरियाणा सरकार से मंजूरी मांगी है। यह पहल राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने का एक प्रयास है।
11 किलोमीटर का कॉरिडोर-
हरियाणा सरकार दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) के यशोभूमि से इफ्को चौक तक एक नई मेट्रो लाइन के प्रस्ताव पर विचार कर रही है।
इस 11 किलोमीटर लंबी लाइन का रूट यशोभूमि से शुरू होकर भरथल, बिजवासन, कार्टरपुरी, और सेक्टर-23 (ताऊ देवीलाल पार्क) होते हुए दिल्ली-जयपुर हाईवे पर इफ्को चौक पहुंचेगा।
फिलहाल, यह तय है कि सेक्टर-23 में गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (जीएमआरएल) की प्रस्तावित ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के साथ एक इंटरचेंज स्टेशन बनाया जाएगा। विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार होने के बाद स्टेशनों की संख्या और कुल लागत का पता चलेगा।
किसे होगा फायदा?
इससे दिल्ली की तरफ से आ रहे यात्री उद्योग विहार, डीएलएफ साइबर सिटी (DLF Cyber City), हीरो होंडा चौक (Hero Hond Chowk), सुभाष चौक, सेक्टर-44 में विकसित औद्योगिक और आईटी इकाईयों तक आसानी से पहुंच पाएंगे। इस नई मेट्रो लाइन की योजना सिरे चढ़ती है तो गुरुग्रामवासियों को डीएमआरसी की दिल्ली एयरपोर्ट लाइन (Delhi Airprt line) पर जाना आसान हो जाएगी। दिल्ली की ब्लू लाइन से द्वारका के सेक्टर-21 तक आवागमन आसान हो जाएगा। डीएमआरसी के इस प्रस्ताव को हरियाणा सरकार की मंजूरी अभी नहीं मिली है।
मुख्य सचिव निर्माण की समीक्षा करेंगे-
हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की तरफ से ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के निर्माण की समीक्षा की जाएगी। निर्माण में आ रही अड़चनों को दूर करने के संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।
दूसरी उच्चस्तरीय बैठक में दिल्ली-जयपुर हाईवे (Delhi-Jaipur Highway) पर साइबर सिटी मेट्रो स्टेशन के विवाद को दूर किया जाएगा। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम ने नमो भारत ट्रेन के स्टेशन को डीएलएफ साइबर सिटी के सामने प्रस्तावित किया है। ऐसे में एचएसआईआईडीसी ने तर्क दिया है कि यदि यह स्टेशन यहां बनता है तो शंकर चौक पर यातायात जाम की स्थिति बन जाएगी। हीरो होंडा चौक से उमंग भारद्वाज चौक तक मेट्रो निर्माण में आ रही अड़चन, मेट्रो डिपो के निर्माण में आ रही अड़चन, सेक्टर-10 स्थित ऑटो मार्केट में कास्टिंग यार्ड के निर्माण में मलबे की दिक्कत, जमीन अधिग्रहण से जुड़े विवाद को सुनकर मुख्य सचिव इसका निपटान करेंगे।
इस डीपीआर को अब तक मंजूरी नहीं मिली-
हरियाणा सरकार (Haryana Government) ने पालम विहार रोड स्थित रेजांगला चौक को द्वारका के सेक्टर-21 से जोड़ने के लिए मेट्रो परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करवाई है, जिसकी अनुमानित लागत 1891.56 करोड़ रुपये है। इस एलिवेटेड लाइन पर सात स्टेशन प्रस्तावित हैं। यह DPR नवंबर, 2022 में केंद्र सरकार के शहरी आवास मंत्रालय को मंजूरी के लिए भेजी गई थी, लेकिन इसे अब तक अनुमति नहीं मिल पाई है। परियोजना को एक और झटका लगा है क्योंकि द्वारका सेक्टर-21 स्थित रेल लैंड डिवेलपमेंट अथॉरिटी (RLDA) की वह जमीन, जहाँ स्टेशन बनना था, किसी कंपनी को आवंटित कर दी गई है।
यातायात व्यवस्था बेहतर करने पर जोर-
शहरी विकास के प्रधान सलाहकार व सेवानिवृत्त मुख्य सचिव डीएस ढेसी ने ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के निर्माण की समीक्षा की। बैठक में जीएमआरएल, जीएमडीए और यातायात पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे। जीएमआरएल अधिकारियों ने बताया कि अगले माह से मेट्रो के पिलर निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। उन्होंने ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के निर्माण (Construction of Old Gurugram Metro) को लेकर यातायात योजना को प्रधान सलाहकार से साझा किया। सूत्रों के मुताबिक उन्हें बताया कि अगले महीने से ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो का निर्माण शुरू हो जाएगा। मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन (Millennium City Centre Metro Station) के निर्माण के दौरान जेड चौक से लेकर आर्य समाज रोड की तरफ आ रहे फ्लाईओवर पर यातायात को बंद किया जाएगा।
गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (GMRL) ने ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के पहले चरण का काम शुरू कर दिया है। सेक्टर-44 स्थित जीएमडीए कार्यालय के सामने पाइल टेस्टिंग का काम चल रहा है। इसके अतिरिक्त, निर्माण के लिए बख्तावर चौक (Bakhtawar Chowk) और सेक्टर-नौ-नौए की मुख्य सड़क पर पेड़ों की कटाई भी शुरू हो गई है। यह 28.5 किलोमीटर लंबी परियोजना है जिसमें 27 स्टेशन बनेंगे, जिस पर लगभग 5452 करोड़ रुपये का खर्च आने का अनुमान है।
