Railway की बड़ी सौगात, संचालित की जाएंगी 12 नई लोकल एसी ट्रेन, हुई घोषणा
Railway - रेलवे ने यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी दी है। दरअसल आपको बता दें कि इस रीजन में अपने सब-अर्बन नेटवर्क पर 12 नई AC लोकल ट्रेनें और 3 नॉन-AC ट्रेनें संचालित की जाएंगी। इस फैसले से यात्रा और सुविधाओं में सुधार होगा और यात्रियों को अधिक आरामदायक सफर मिलेगा-
HR Breaking News, Digital Desk- (Railway) वेस्टर्न रेलवे ने मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन (MMR) के यात्रियों को बड़ी खुशखबरी दी है। वेस्टर्न रेलवे के अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि उपनगरीय नेटवर्क पर 12 नई AC लोकल ट्रेनें और 3 नई नॉन-AC लोकल ट्रेनें शुरू की जाएंगी, जिससे यात्रियों की सुविधा और क्षमता में इजाफा होगा।
वेस्टर्न रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि नई AC लोकल ट्रेनें 11 मौजूदा नॉन-AC ट्रेनों की जगह शुरू की जाएंगी। अधिकारियों के मुताबिक, यह निर्णय यात्रियों के बीच AC लोकल ट्रेनों की बढ़ती लोकप्रियता और मांग को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि यात्रा को अधिक आरामदायक बनाया जा सके।
AC लोकल ट्रेनों की संख्या बढ़कर 133 होगी-
वेस्टर्न रेलवे के इस फैसले के बाद सब-अर्बन AC सेवाओं की कुल संख्या 121 से बढ़कर 133 हो जाएगी। वहीं, लोकल ट्रेन सेवाओं की कुल संख्या 1,410 से बढ़कर 1,414 हो जाएगी। इसके अलावा, शनिवार और रविवार को चलने वाली AC सेवाएं 77 से बढ़कर 106 हो जाएंगी। फिलहाल भयंदर–बांद्रा के बीच चलने वाली एक धीमी लोकल अब विरार से शुरू की जाएगी।
2025 में रेलवे ने तीन करोड़ संदिग्ध यूजर आईडी बंद कीं-
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव (Railway Minister Ashwini Vaishnav) ने शुक्रवार को राज्यसभा में बताया कि ऑनलाइन तत्काल टिकट बुकिंग में धोखाधड़ी रोकने के लिए 2025 में लगभग 3.03 करोड़ संदिग्ध यूजर आईडी बंद की गईं। उन्होंने कहा कि उपयोगकर्ता खातों का सख्त पुनर्मूल्यांकन और सत्यापन (Re-evaluation and verification) किया गया, जिसके तहत इन संदिग्ध आईडी को सिस्टम से हटा दिया गया।
रेल मंत्री के अनुसार, 3.99 लाख संदिग्ध बुकिंग से संबंधित 376 शिकायतें राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल (National Cyber Crime Portal) पर प्राप्त हुई हैं। इसके अलावा, वर्ष 2025 में 12,819 संदिग्ध ईमेल डोमेन को ब्लॉक किया गया। मंत्री अश्विनी वैष्णव ने एक अन्य लिखित उत्तर में बताया कि लगभग 12,300 डिब्बे, जिनमें वर्तमान में परिचालित सभी वंदे भारत और अमृत भारत ट्रेनें तथा 460 इंजन शामिल हैं, सीसीटीवी कैमरों से लैस हैं।
रेल मंत्री ने कहा, “भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा और संरक्षा सुधारने के उद्देश्य से डिब्बों और इंजन में सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम शुरू किया है। इन कैमरों से शरारती गतिविधियों, तोड़फोड़, चोरी को रोकने और घटनाओं की तत्काल जांच में मदद मिलने की उम्मीद है।”
उन्होंने बताया, “क्षेत्रीय रेलवे और उत्पादन इकाइयों ने डिब्बों और इंजन में सीसीटीवी कैमरे (CCTV cameras in coaches and engine) लगाने और उनकी खरीद के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है। अब तक रेलवे नेटवर्क (railway network) पर परिचालित लगभग 12,300 डिब्बे (सभी वंदे भारत और अमृत भारत ट्रेनों के परिचालन रेक सहित) और 460 इंजन सीसीटीवी कैमरों से लैस किए जा चुके हैं।”
