CBSE का बड़ा बदलाव, अब 9वीं से ही पढ़ाई के साथ विद्यार्थी सीखेंगे रोजगार के हुनर
HR Breaking News (CBSE Update) : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (Central Board of Secondary Education) ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ रोजगारपरक हुनर से जोड़ने की दिशा में बड़ा बदलाव किया है। नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 से बोर्ड से संबद्ध स्कूलों में नौवीं कक्षा के विद्यार्थियों को व्यावसायिक शिक्षा (vocational education) पढ़नी होगी। इसके लिए बोर्ड ने 22 कौशल आधारित विषयों की सूची तैयार की है। विद्यार्थियों को इनमें से अपनी रुचि और योग्यता के अनुसार एक विषय चुनना होगा।
भविष्य में स्वरोजगार के लिए तैयार हो सकेंगे
इसका असर (CBSE school news) दसवीं कक्षा में भी दिखाई देगा। नौवीं में चुने गए विषय की दसवीं कक्षा में बोर्ड स्तर पर परीक्षा आयोजित की जाएगी। वहीं, कौशल विकास से संबंधित अतिरिक्त मूल्यांकन स्कूल स्तर पर होगा। इस पहल के जरिए विद्यार्थियों को शुरुआती स्तर से ही अलग-अलग व्यावसायिक क्षेत्रों की जानकारी देने और उनमें दक्ष बनाने का प्रयास किया जाएगा। इससे स्कूली शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि विद्यार्थी भविष्य में रोजगार और स्वरोजगार के लिए भी तैयार हो सकेंगे।
कुछ विषयों को सत्रवार सूची से किया बाहर
सीबीएसई (CBSE latest update) ने नए शैक्षणिक ढांचे के तहत कुछ वैकल्पिक विषयों को लेकर भी बदलाव किए हैं। नौवीं कक्षा के 2026-27 सत्र में वित्तीय बाजार प्रबंधन, उद्यमिता और सोसायटी के साथ आईसीटी एवं एआई के मॉड्यूल पाठ्यक्रम में शामिल नहीं किए जाएंगे। इसी प्रकार दसवीं कक्षा के 2027-28 सत्र में भी निर्धारित कुछ वैकल्पिक विषय उपलब्ध नहीं होंगे। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि विषयों का निर्धारण नए पाठ्यक्रम की व्यवस्था के अनुसार किया गया है।
पहले से संचालित कुछ विकल्प भी रहेंगे जारी
सीबीएसई की कोऑर्डिनेटर नीरू (CBSE coordinator Neeru) ने बताया कि बोर्ड ने छठी और आठवीं कक्षा में पढ़ाए जा रहे कुछ वैकल्पिक विषयों को आगे की कक्षाओं में भी जारी रखने का फैसला किया है। ये विषय 2026-27 और 2027-28 के दौरान नौवीं व दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध रहेंगे। सीबीएसई ने स्कूलों को विषयों की सूची, परीक्षा और मूल्यांकन से संबंधित दिशा-निर्देश भी भेज दिए हैं। साथ ही अक्सर पूछे जाने वाले सवालों के जवाब और अलग-अलग विषयों से जुड़ी तालिका भी साझा की है ताकी स्कूल अभिभावकों को समय रहते जानकारी दी जा सके।
