home page

गंगूबाई काठियावाड़ी की रियल लाइफ स्टोरी, जिसने पूर्व प्रधानमंत्री नेहरू से कहा- क्या आप मुझसे शादी करोगे?

Gangubai Kathiyawadi Life Story : संजय लीला भंसाली के ट्रेलर में गंगूबाई काठियावाड़ी को दबंग औरत और वेश्या के रूप में दिखाया जा रहा है, हकीकत में वो कौन थीं, कहां रहती थीं, क्या करती थीं। क्या थी उनकी कहानी
 | 
The Real Life Story of Gangubai Kathiawadi, who told former Prime Minister Nehru- Will you marry me?

नाम- गंगूबाई काठियावाड़ी

असली नाम- गंगा हरजीवनदास

पता- हाउस नं. 10, रेशमवाली चॉल नंबर 39, ग्राउंड फ्लोर, कमाठीपुरा, 12वीं लेन, मुंबई

जन्मस्थान- काठियावाड़, गुजरात

डेट ऑफ बर्थ- मालूम नहीं

मृत्यु- 1 फरवरी 1980, मुंबई

शुक्रवार, दोपहर के 12 बज रहे हैं। मैं मुंबई में ग्लैमर की चकाचौंध के बीच निकल पड़ा हूं रेड लाइट एरिया कमाठीपुरा के लिए।

लोकल ट्रेन में अंधेरी से ग्रांट रोड स्टेशन उतरे। वहां से टैक्सी से 25 मिनट में कमाठीपुरा पहुंच गए।

हम ये जानने आए थे कि जो संजय लीला भंसाली के ट्रेलर में गंगूबाई काठियावाड़ी को दबंग औरत और वेश्या के रूप में दिखाया जा रहा है, हकीकत में वो कौन थीं, कहां रहती थीं, क्या करती थीं। क्या थी उनकी कहानी, यही जानने के लिए हम इस जगह पहुंचे।

कोने की दुकान वाला आपको पता बता देगा…

गंगूबाई के घर का पता पूछते हुए आगे बढ़े तो वहां मिले एक शख्स ने कहा, ‘सर आगे 12 नंबर गली में कोने पर दुकान वाला है वो आपको बता देगा।’

दुकानवाले ने बताया कि ‘गंगूजी ने बहुत सारे बच्चों को गोद लिया था। जो उसके साथ घर में ही रहते थे। इसी 12 नंबर गली में गंगूजी की गोद ली बेटी बबीता रहती है। बाकी लोग मुंबई में अलग-अलग जगह रहते हैं।

उनके साथ के बहुत से लोग अभी इस दुनिया में भी नहीं हैं। गंगूबाई का 1980 में दमा की बीमारी के चलते निधन हो गया था। बबीता से आपको सब जानकारी मिलेगी।’ हम उस संकरी गलियों में आगे बढ़ गए, जहां छोटी-छोटी कोठरियां थीं।

जो कारखाना है, वो गंगूबाई का आशियाना था…

वहां हमें टेलर की दुकान पर काम करने वाले ने बताया कि ‘सर ये सामने जो कारखाना है, यही था गंगूबाई का आशियाना। जो आप पता बता रहे हो हाउस नं. 10 रेशमवाली चॉल, नंबर 39, ग्राउंड फ्लोर, कमाठीपुरा 12वीं लेन यही है। अब यहां कारखाना चलता है। यहीं उनका दरबार लगता था। यहीं से वे कमाठीपुरा में वेश्यावृत्ति में लिप्त महिलाओं और दूसरे लोगों की मदद करती थीं। उनकी बेहतरी के लिए काम करती थी।’

आगे कमाठीपुरा की कईं गलियों में हमें इसी तरह तैयार लड़कियां दुकान के और घर के बाहर दिखीं। वहीं कुछ बूढ़ी औरतें खाट पर बैठी दिखीं। फिर हम बबीता के घर 12वीं गली में पहुंचे। एक छोटे से कमरे में एक कोने पर भगवान का छोटा सा मंदिर और वहीं पास में गंगूबाई की फोटो रखी है।

gangubai kathiyawadi

छोटे से कद की महिला बबीता और उनके बैंक में काम करने वाले बेटे विकास गौड़ा से मुलाकात हुई। बबीता कहती हैं, ‘गंगूबाई ने पालन पोषण किया, शादी की। मेरे लिए वह मां थी और हमारे बच्चों की नानी। हम जब छोटे थे तब से उनसे जुड़े थे। बच्चे, बड़े, लड़कियां सब मिलाकर 20 से 30 लोग घर में रहते थे। कमाठीपुरा की लड़कियों को जब भी कोई तकलीफ होती थी तो गंगू मां ही थाने में जाकर उनको छुड़ाती थीं। वह बहुत ही सादी सिम्पल सफेद साड़ी और ब्लाउज पहनती थीं, बिंदी नहीं लगाती थीं। गुरुवार को फकीर को पैसा बांटती थीं। रविवार को रेस में जाती थीं। उन्हें पत्ते खेलने का भी शौक था।’

अब तीन किस्सों में बताते हैं गंगूबाई की रियल स्टोरी

पहला किस्सा: वो हीरोइन बनने के लिए मुंबई आईं थीं…

गंगूबाई को अपनी नानी कहने वाले विकास चंद्र गौड़ा के मुताबिक, ‘वे हीरोईन बनने के लिए मुंबई आई थीं। जबकि हुसैन जैदी की किताब और फिल्म में दिखा रहे हैं कि रमणीक लाल ने उन्हें 500 रुपए में कोठे में बेचा, यह गलत है। रियल स्टोरी यह है कि गंगू मां जब मुंबई में हीरोइन बनने आईं थीं, तो उस बीच में उनके साथ कुछ प्रॉब्लम हुई, वो फंस गईं, लेकिन वो पढ़ी-लिखी थीं। उस वक्त नौंवी तक पढ़ी थीं।

तब उन्होंने सोचा कि मेरी जिंदगी तो खराब हो गई है, लेकिन अब मैं सबके लिए जिऊंगी। उन्होंने गरीब अनाथों के लिए काम शुरू किया। प्रॉस्टिट्यूशन में जिसको शादी करनी थी, उनकी शादी करवा दी। रेड लाइट एरिया में इन सब लड़कियों की वो मां बन गईं।’

kamathipura
कमाठीपुरा का पूरा इलारो और खिड़कियों से झांकती सैक्स वर्कर्स

दूसरा किस्सा: करीम लाला ने उन्हें बहन माना था…

पिक्चर में दिखाया जा रहा है कि गंगू मां के साथ डॉन करीम लाला के लोगों ने गलत काम किया, जबकि यह झूठ है। वे करीम लाला से इसलिए मिली थीं कि उनके लोग आकर यहां की लड़कियों को परेशान करते थे। इसी बात को लेकर गंगू मां करीम लाला के पास गईं और उन्हें अपनी प्रॉब्लम बताई। उन दोनों की इतनी जमी कि लाला ने गंगूबाई को अपनी बहन बना लिया।

तब लाला ने कहा कि अब आगे कोई परेशान करे तो मुझे बताना, मैं हूं। उनको यह बैक सपोर्ट था। गंगू मां ने इस सपोर्ट के जरिए ही रेड लाइट कई लड़कियों की शादी करवाई। आज वो अच्छी जिंदगी जी रही हैं।

राजस्थान का एक ऐसा गांव जहां शादी के बाद भाभी को देवर से बनाने पड़ते हैं संबंध

तीसरा किस्सा: नेहरू से पूछा था, आप मुझसे शादी करेंगे तो ये सब छोड़ देंगे

देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू से जुड़ा वाकया यह है कि उस वक्त आंदोलन चला था कि कमाठीपुरा से प्रॉस्टिट्यूशन हटा दो। तब सारी लड़कियां गंगू मां के पास आईं। तब गंगू मां ने आजाद मैदान में भाषण दिया। रेड लाइट एरिया की लड़कियों के लिए खड़ी हुईं। दो बार दिल्ली से फोन आया।

कई लड़कियों के साथ गंगू मां उस वक्त के प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू जी से मिलने गईं। तब नेहरू जी ने गंगू मां से कहा था कि वो शादी कर लें और इस गंदी जगह से चली जाएं। तब गंगू मां ने उनसे कहा था कि आप मुझे पत्नी के रूप में स्वीकार करने को तैयार हैं तो वह ये सब हमेशा के लिए छोड़ देंगी।

इस बात से नेहरू दंग रह गए और उन्होंने गंगूबाई के बयान से असहमति जताई। तब गंगूबाई ने कहा था कि प्रधानमंत्री जी, नाराज मत होइए। मैं सिर्फ अपनी बात साबित करना चाहती थी। उपदेश देना आसान है, लेकिन उसे खुद अपनाना मुश्किल है। मुलाकात खत्म होने पर नेहरू ने गंगूबाई से वादा किया कि वो उनकी मांगों पर ध्यान देंगे। प्रधानमंत्री ने जब खुद इस पर हस्तक्षेप किया तो कमाठीपुरा से वेश्याओं को हटाने का काम कभी नहीं हो पाया। अब तक कमाठीपुरा में रेड लाइट एरिया है।

फिल्म में गलत तरीके से दिखाया जा रहा…

बबीता कहती हैं, ‘यह जो फिल्म आ रही है गंगूबाई, उसमें मां को गलत तरीके से दिखा रहे हैं। पैसा कमाने के लिए वो लोग कुछ भी दिखा रहे हैं। हमसे कोई नहीं मिला। जब किताब छापी थी, तब वो किताब वाले आए थे। संजय लीला भंसाली नहीं मिले। मेरी मां समाज सेविका थीं। पूरी जिंदगी कमाठीपुरा के लोगों के लिए ही काम किया। उसे वे बदनाम करने के लिए फिल्म बना रहे हैं।’

राजस्थान का एक ऐसा कबीला जहां लड़की होने पर जिंदा ही जमीन में दफना देते हैं, वहां से सांप का जूठा दूध पीकर बड़ी होने से लेकर डांस से दुनिया में पहचान बनाने वाली गुलाबो सपेरा की कहानी

फिल्म शुरू होने के बाद से फैमिली परेशानी में…

गंगूबाई की दत्तक पोती भारती कहती हैं कि यह फिल्म शुरू होने के बाद से हमें यहां से घर बदलना पड़ रहा है। हम फंक्शन्स में नहीं जा पा रहे। हमें अपने नंबर बदलने पड़ रहे हैं।

गंगूबाई की दत्तक पुत्री सुशीला शिवराम रेड्‌डी ने बताया कि गंगूबाई ने हमें गोद लिया था। वो मेरी मां हैं। अपनी मां को कोई डाकन नहीं बोलता। जो फिल्म आ रही है उसमें उन्होंने मेरी मां को डाकन और वेश्या बनाकर पेश किया है। ये गलत किया है।

कमाठीपुरा में दो हजार लड़कियां सेक्स वर्कर…

कमाठीपुरा में काम करने वाले एक NGO से पता चला कि आज भी कमाठीपुरा में दो हजार लड़कियां और औरतें देह व्यापार में एक्टिव हैं।

News Hub