मानसून सीजन में अधिक से अधिक पौधारोपण करें जिलावासी : उपायुक्त

एचआर ब्रेकिंग न्यूज। हिसार की उपायुक्त डॉ प्रियंका सोनी ने जिलावासियों से आह्वान किया है कि वे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में वर्तमान मानसून सीजन के दौरान अधिक से अधिक पौधारोपण करें। उन्होंने कहा कि मनुष्य जीवन के लिए पर्यावरण सबसे अहम विषय है। इसे संरक्षित करना प्रत्येक मनुष्य का दायित्व है। उपायुक्त ने कहा कि जिले में वन विभाग द्वारा 9 लाख पौधे रोपित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने लोगों से बारिश के मौसम में अधिक से अधिक पौधारोपण करने कि अपील की है।
समितियों व संस्थाओं के पास ग्रीन बेल्ट को रख रखाव के लिए लेने का सुनहरा मौका: निगमायुक्त
उन्होंने बताया कि वन विभाग द्वारा फार्म फोरेस्ट्री योजना के तहत 5 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। योजना के तहत विभाग द्वारा किसानों के खेतों में नि:शुल्क सफेदा के पौधे लगाए जाएंगे। जिला के विभिन्न गांवों में खाली पड़ी पंचायती भूमि पर 88 हजार 500 पौधे, स्कूलों, कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों में 84 हजार 500 विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाये जाएंगे। इसके अतिरिक्त विभाग द्वारा सडक़ मार्गों, रेलवे लाईनों तथा रजवाहों/माइनरों के साथ लगती खाली भूमि पर भी 2 लाख 21 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। उपायुक्त डॉ प्रियंका सोनी ने बताया कि जलशक्ति अभियान के अंर्तगत जिले में 3 लाख 8 हजार पौधे नि:शुल्क 308 ग्राम पंचायतों को दिए जाएंगे। इस अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों को हरा-भरा बनाने के प्रत्येक ग्राम पंचायत को एक-एक हजार पौधे दिए जाएंगे। पौधगिरी कार्यक्रम के तहत जिले के सभी स्कूलों में विद्यार्थियों को 1 लाख 29 हजार 428 पौधे नि:शुल्क वितरित किये जाएंगे। पौधारोपण कार्यक्रम के तहत जिले के विभिन्न सामाजिक सगंठनों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं को भी पौधे वितरित करने का लक्ष्य रखा गया है।