hrbreakingnews.com

हिसार में हवा हुई खराब, एक्यूआई पहुंचा 300 पार

Hisar News : पिछले कई दिनों से शहर की हवा लगातार खराब होती जा रही है। एक्यूाअई लेवल 300 पार हो चुका है। वहीं हवा खराब होने का असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। वहीं मौसम का भी मिजाज आगे बदलने वाला है। चलिए जानते हैं इसके बारे में विस्तार से- 
 
हिसार में हवा हुई खराब, एक्यूआई पहुंचा 300 पार

HR Breaking News (Hisar News) शहर में प्रदूषण का असर अब लोगों की सेहत पर दिखाई देने लगा है। हवा में घुलते धूल और धुएं के कारण आसमान में स्मॉग की चादर छाई हुई है। लोगों को आंखों में जलन और गले में खराश की शिकायत हो रही है, वहीं सांस और दमा के मरीजों को भी ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है। मंगलवार को हिसार का अधिकतम एयर क्वालिटी इंडेक्स (air quality index) 381 तक पहुंच गया। हालांकि दिन का औसत एक्यूआई (AQI)  260 रहा, जो खराब श्रेणी में दर्ज किया गया। सुबह 10 बजे और रात 8 बजे प्रदूषण का असर सबसे ज्यादा रहा।

दिन में गर्मी, रात में बढ़ रही ठंडक

मौसम में (Hisar weather) भी उतार-चढ़ाव जारी है। मंगलवार को हिसार का अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.5 डिग्री कम था। वहीं न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.3 डिग्री अधिक रहा। दिन में धूप से हल्की गर्माहट बनी हुई है, जबकि सुबह और रात के समय ठंडक बढ़ रही है।

11 नवंबर को छिटपुट बूंदाबांदी के आसार

मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन (Meteorologist Dr. Chandramohan) के अनुसार 11 नवंबर को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से उत्तरी हरियाणा के कुछ इलाकों में छिटपुट बूंदाबांदी हो सकती है। वहीं 14 नवंबर को एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बदलाव आने की संभावना है। इससे हल्की से मध्यम बारिश और पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। इसके बाद प्रदेश में ठंड बढ़ने के आसार हैं।

स्मॉग से सांस के मरीजों की बढ़ी परेशानी

फिजिशियन डॉ. अजय महाजन (Physician Dr. Ajay Mahajan) के अनुसार स्मॉग के कारण सांस और दमा के मरीजों की ओपीडी में बढ़ोतरी होने लगी है। वर्तमान में प्रतिदिन औसतन 10 से 12 मरीज सांस संबंधी परेशानी लेकर पहुंच रहे हैं। प्रदूषण बढ़ने से इन मरीजों की समस्याएं ज्यादा गंभीर हो सकती हैं। उन्होंने लोगों को बाहर निकलते समय मास्क लगाने और प्रदूषण के अधिक प्रभाव वाले समय में अनावश्यक बाहर जाने से बचने की सलाह दी है।

पिछले दिनों का जानिए शहर का एक्यूआई लेवल

पिछले चार दिनों के आंकड़ों पर नजर डालें तो शहर की हवा लगातार बिगड़ती नजर आ रही है। 3 नवंबर को शहर का एक्यूआई लेवल (AQI level hisar) 381 रहा। वहीं 2 नवंबर को शहर का एक्यूआई लेवल 184 था व 1 नवंबर को शहर का एक्यूआई लेवल 133 था। इसके अलावा 4 नवंबर को शहर का एक्यूआई लेवल 278 रहा।