7.85 करोड रुपए से बनेगा आर्य नगर के पास का बालसमंद रोड
HR Breaking News (Hisar News ) : पिछले साल बाढ़ की मार झेलने के बाद से बदहाल पड़ी बालसमंद रोड के अच्छे दिन आने की उम्मीद बढ़ गई है। आर्य नगर के पास क्षतिग्रस्त फोरलेन सड़क को दोबारा तैयार करने के लिए लोक निर्माण विभाग (Public Works Department) ने 7.85 करोड़ रुपये का टेंडर जारी कर दिया है। 18 नवंबर को टेंडर खुलने के बाद निर्माण एजेंसी तय करने की प्रक्रिया शुरू होगी। विभाग की योजना दिसंबर में सड़क निर्माण का काम शुरू करवाने की है। इससे लंबे समय से खराब सड़क पर सफर कर रहे वाहन चालकों को राहत मिल सकेगी।
बाढ़ के बाद से नहीं सुधरी सड़क
बालसमंद रोड (Balsamand Road) पर आर्य नगर (Arya Nagar) के नजदीक बाढ़ के दौरान करीब डेढ़ से दो किलोमीटर हिस्से में सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसके बाद से इस हिस्से में जगह-जगह गड्ढे और उखड़ी सड़क वाहन चालकों के लिए परेशानी बनी हुई है। यह मार्ग शहर के व्यस्त रास्तों में शामिल है और रोजाना करीब 45 हजार छोटे-बड़े वाहन यहां से गुजरते हैं। सड़क खराब होने के कारण वाहन चालकों को धीमी गति से निकलना पड़ता है। इससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ने के साथ कई बार यातायात भी प्रभावित होता है।
9 गांवों के लोगों का शहर आना-जाना होगा आसान
बालसमंद रोड का महत्व शहर तक सीमित नहीं है, बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के लिए भी यह प्रमुख संपर्क मार्ग है। चंदन नगर, आर्य नगर, गोरछी, गावड़, सुंडावास, धीरणवास, रावलवास, सीसवाला और बालसमंद समेत आसपास के गांवों के लोग इसी रास्ते से हिसार पहुंचते हैं।
टेंडर खुलने के बाद मुख्यालय से मिलेगी अंतिम मंजूरी
बीएंडआर विभाग (B&R Department) के अधिकारियों के मुताबिक 18 नवंबर को टेंडर खुलने के बाद संबंधित एजेंसियों की तकनीकी और वित्तीय बोलियों की जांच की जाएगी। प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रस्ताव अंतिम स्वीकृति के लिए मुख्यालय भेजा जाएगा। मंजूरी मिलने पर सबसे कम दर देने वाली पात्र एजेंसी को वर्क ऑर्डर (work order) जारी किया जाएगा। विभाग का प्रयास है कि नवंबर में टेंडर की औपचारिकताएं पूरी कर दिसंबर में निर्माण शुरू करवाया जाए।
इसी महीने टेंडर प्रक्रिया पूरी करने का प्रयास
बीएंडआर विभाग के एसडीओ राकेश कुमार (SDO Rakesh Kumar) ने बताया आर्य नगर (Arya Nagar) के पास क्षतिग्रस्त बालसमंद रोड (Balsamand Road update) के निर्माण के लिए 785 लाख रुपये का टेंडर लगाया गया है। 18 नवंबर को टेंडर खुलने के बाद इसी महीने प्रक्रिया पूरी करने का प्रयास रहेगा। दिसंबर में मौसम अनुकूल रहने पर निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। इससे लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी।
