hrbreakingnews.com

हिसार में रोडवेज कर्मचारियों ने ठप किया बसों का रात्रि संचालन, 31 अक्टूबर को डिपो में हड़ताल का ऐलान

 
हिसार में रोडवेज कर्मचारियों ने ठप किया बसों का रात्रि संचालन, 31 अक्टूबर को डिपो में हड़ताल का ऐलान

Hisar Roadways Strike : हरियाणा रोडवेज के हिसार डिपो में कर्मचारियों का आक्रोश अब आंदोलन में बदल गया है। लंबित वित्तीय भत्तों का भुगतान नहीं होने के विरोध में रोडवेज कर्मचारियों ने शुक्रवार रात से ही बसों का रात्रि संचालन बंद कर दिया है। वहीं, कर्मचारियों ने 31 अक्टूबर को पूरे डिपो में हड़ताल करने का ऐलान किया है।


सांझा संघर्ष समिति के नेतृत्व में शुक्रवार को आयोजित गेट मीटिंग में कर्मचारियों ने महाप्रबंधक की कथित तानाशाहीपूर्ण कार्यशैली और लंबे समय से लंबित वित्तीय देयकों का भुगतान नहीं होने पर भारी रोष जताया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 30 अक्टूबर की रात से बसों का रात्रि संचालन बंद किया जाएगा और 31 अक्टूबर को हिसार डिपो के कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे।


कर्मचारियों के आंदोलन को देखते हुए प्रशासन भी सक्रिय हो गया। देर शाम एसडीएम ज्योति मित्तल रोडवेज कार्यालय पहुंचीं और कर्मचारी नेताओं के साथ बातचीत शुरू की। उन्होंने कर्मचारियों की मांगों और समस्याओं को सुना तथा गतिरोध समाप्त करने के प्रयास किए। देर रात तक प्रशासन और रोडवेज कर्मचारी नेताओं के बीच बातचीत का दौर जारी रहा।


कर्मचारियों का आरोप है कि लंबे समय से उनका रात्रि भत्ता बकाया है। इसके अलावा टीए, ओवरटाइम और अन्य वित्तीय देयकों का भुगतान भी समय पर नहीं किया जा रहा। कर्मचारियों का कहना है कि कई बार मांग उठाने और आश्वासन मिलने के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ।


मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
सांझा संघर्ष समिति ने कहा कि कर्मचारियों को अपने जायज वित्तीय अधिकारों के लिए बार-बार संघर्ष करना पड़ रहा है। हड़ताल कर्मचारियों के लंबित भत्तों, सम्मान और न्याय की लड़ाई है। कर्मचारियों ने एकजुट होकर चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगों का ठोस समाधान नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।