Jind News जींद के किसानों के लिए खुशखबरी, इन किसानों को मिलेगा मुआवजा

HR Breaking News, जींद ब्यूरो, प्रदेश सरकार ने पिछले साल खरीफ सीजन में जलभराव और गुलाबी सुंडी से खराब हुई फसलों की मुआवजा राशि जारी कर दी है। मुआवजा राशि में हो रही देरी से किसान नाराज थे और धरने-प्रदर्शन किए जा रहे थे। जिला राजस्व विभाग द्वारा मुआवजा राशि संबंधित एसडीएम को भेज दी गई है।
जहां से किसानों को मुआवजा राशि दी जाएगी। स्पेशल गिरदावरी में जिले में करीब 68 हजार एकड़ फसल में नुकसान पाया गया था। जिसमें से गैर बीमित 53890 एकड़ का 51 करोड़ 43 लाख 41 हजार 500 रुपये का मुआवजा किसानों को मिलेगा।
यह भी जानिए
बता दें कि पिछले साल खरीफ सीजन में भारी बारिश के कारण कपास व धान की फसल में काफी नुकसान हुआ था। वहीं गुलाबी सुंडी ने भी कपास की फसल में तबाही मचाई थी। जिला प्रशासन ने गिरदावरी करवा कर नुकसान के हिसाब से मुआवजा राशि तय कर प्रस्ताव सरकार को भिजवा दिया था।
उसके बाद मुख्यालय से मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकृत फसलों की जानकारी मांगी गई। आपत्तियां लगने की वजह से मुआवजा राशि जारी होने में देरी हुई। जिसके चलते किसान आंदोलन कर चुके हैं।
यह भी जानिए
उचाना खंड में सबसे ज्यादा नुकसान
सरकार की तरफ से करवाई स्पेशल गिरदावरी में जिले में करीब 68 हजार एकड़ फसल में नुकसान मिला था। अकेले उचाना खंड में करीब 54 हजार एकड़ कपास की फसल में गुलाबी सुंडी से नुकसान पाया गया था। वहीं जुलाना और जींद में भी कपास की फसल में नुकसान हुआ था। इसमें से गैर बीमित 53890 एकड़ फसल का मुआवजा प्रदेश सरकार देगी।
उचाना खंड को जिले में सबसे ज्यादा 39 करोड़ 33 लाख 71000 रुपये मुआवजा राशि मिलेगी। उचाना में 41993 एकड़ कपास की फसल में गुलाबी सुंडी से नुकसान हुआ है। जुलाना खंड में 4734 एकड़ फसल में नुकसान पाया गया। यहां पांच करोड़ 20 लाख 61500 रुपये मुआवजा राशि मिलेगी।
अलेवा खंड को नहीं मिला मुआवजा
स्पेशल गिरदावरी में अलेवा खंड में किसी भी फसल में नुकसान नहीं पाया गया। जिसके चलते अलेवा खंड के गैर बीमित किसानों को मुआवजा नहीं मिलेगा। अलेवा उचाना खंड के साथ लगता है, जो डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला के विधानसभा क्षेत्र में आता है।
किसानों का कहना है कि उचाना के साथ अलेवा में गुलाबी सुंडी से कपास की फसल खराब हुई है। लेकिन प्रशासन ने जानबूझकर उनके खंड को छोड़ दिया। अलेवा खंड के किसान मुआवजे के लिए आंदोलन कर रहे हैं।
एसडीएम कार्यालय को भेजी जा रही मुआवजा राशि
जिला राजस्व अधिकारी राजेश ख्यालिया ने बताया कि मुआवजा राशि सरकार की तरफ से जारी हो चुकी है। ये राशि संबंधित एसडीएम कार्यालय में भेजी जा रही है। जहां से तहसील स्तर पर मुआवजा किसानों को बांटा जाएगा। अधिकारियों को पारदर्शी तरीके से मुआवजा राशि के वितरण के आदेश दिए गए हैं।