home page

wine beer : क्या बीयर पीने से सच में निकल जाती है पथरी, जानिये इसका सच

wine beer : काफी अरसे से एक बात अक्सर मज़ाक और गंभीरता से कह दी जाती है। कि अगर किडनी में स्टोन हो तो बियर पी लो इससे पथरी निकल जाती हैं। बल्कि 2 से 3 दिनों में ही स्टोन बाहर आ जाएगी। पर क्या हकीकत में ऐसा है? जानिए...
 | 
wine beer : क्या बीयर पीने से सच में निकल जाती है पथरी, जानिये इसका सच

HR Breaking News: इसको समझने के लिए सबसे पहले समझते हैं कि हमारे शरीर में किडनी काम कैसे करती है? शरीर में 2 किडनी होती हैं। इसमें लेफ्ट साइड की किडनी थोड़ी बड़ी होती है। किडनी का साइज 10 से 11cm होता है। हमें हर दिन 3 से साढ़े तीन लीटर तक लिक्विड लेना चाहिए। इसमें पानी, दूध, चाय, कॉफी और सब्जियों से मिलने वाला लिक्विड शामिल है।

किडनी का काम है, शरीर में यूरिन को फिल्टर करना। कोई सेहतमंद शख़्स एक दिन में 4 से 5 बार यूरिन के लिए जाता है। वहीं, रात में सोने के बाद नहीं जाता या ज्यादा से ज्यादा 1 बार जाता है। हमारा शरीर औसतन डेढ़ से दो लीटर यूरिन हर दिन शरीर से बाहर निकालता है।


किडनी में खराबी होगी तो पूरा फिल्टरेशन नहीं होगा। ऐसे में सबसे पहले आंखों के आसपास और पैरों में सूजन आएगी। किडनी सही ढंग से काम कर रही है या नहीं इसके लिए KFT टेस्ट यानी किडनी फंक्शन टेस्ट होता है। इसमें क्रिएटिनिन 0.8 mg/dl से 1.2 mg/dl के बीच होना चाहिए। यह सोचना भी गलत है कि पानी बहुत पीने से किडनी दुरुस्त रहती है। पानी उतना ही पीना चाहिए, जितनी प्यास हो।

क्या जरूरत से कम पानी पीने के वजह से बनता है स्टोन?

किडनी में स्टोन बनने की प्रक्रिया कई वजहों से हो सकती है। ज़्यादातर लोगों की किडनी में जो स्टोन बनता है, वह कैल्शियम के जमा होने की वजह से बनता है। वहीं, यूरिक एसिड की वजह से भी स्टोन बनता है। हालांकि यूरिक एसिड की वजह से स्टोन की समस्या पुरुषों में ज़्यादा होता है। इनके अलावा भी और कुछ वजहें होती हैं, जो बहुत कम लोगों में पायी जाती हैं। किडनी में स्टोन न बने, इसके लिए सबसे अहम है कि पानी की हर दिन की मात्रा को कम न होने दें।


मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज के नेफ्रो हेड डॉ. रविन्द्र सिंह अहलावत बताते हैं कि 'रोज 2 से 3 लीटर पानी जरूर पीना चाहिए। जहां तक इसके लक्षण की बात है, तो इसमें पीठ की तरफ पसलियों के नीचे दर्द होना, यूरिन कम आना, यूरिन में जलन महसूस होना सबसे अहम है।' अगर फैमिली हिस्ट्री हो या फिर कभी अल्ट्रासाउंड में किसी को स्टोन निकला हो तो उस शख़्स को साल में एक बार अल्ट्रासाउंड जरूर करा लेना चाहिए। दरअसल, किडनी से एक बार स्टोन निकल जाने के बाद दोबारा होने की भी आशंका रहती है।

क्या बियर पीकर स्टोन निकालना आसान है?

अब बात करते हैं कि अगर किसी की किडनी में स्टोन बन चुका हो तो क्या बियर से इसे निकालना आसान है और यह सही भी है या नहीं? बियर पीने से नशा होता है। साथ में यह डायूरेटिक यानी ज्यादा पेशाब लाने वाला होता है। गेस्ट्रो के सीनियर कंसल्टेंट डॉ. अमितेश कुमार कहते हैं कि जब कोई व्यक्ति एक या दो बोतल बियर पीता है तो उसे यूरिन का प्रेशर काफी तेज़ आता है। इस प्रेशर से किडनी से स्टोन बाहर आने की गुंजाइश बन सकती है। उस स्तर का तो नहीं, लेकिन उससे कुछ कम प्रेशर पानी पीकर भी पैदा किया जा सकता है। यह इतना प्रेशर पैदा कर देता है कि 5 से 6 मिलीमीटर तक की साइज़ का किडनी का स्टोन अमूमन ज्यादा पानी से निकल जाता है।


डॉक्टर कहते हैं, एक दिन में अगर कोई ढाई लीटर तक पानी पीता है तो अगर वह आधे से एक लीटर पानी बढ़ा दे तो 5 से 7 दिनों में स्टोन निकल सकता है। इसके लिए बियर पीने की जरूरत नहीं। वहीं बियर पीने से एक समस्या और होने की आशंका रहती है। कई बार बियर की वजह से ज्यादा प्रेशर आने से अगर स्टोन बड़ा है तो किडनी से लेकर यूरिनरी ट्रैक्ट में इसके फंसने की आशंका बढ़ जाती है। इससे अचानक दर्द बढ़ने का खतरा भी रहता है। इसलिए बियर पीकर स्टोन निकालने का आइडिया सही नहीं है।

ऐसे लोग जिन्होंने पहले कभी बियर नहीं पी, उनके लिए तो यह लत की शुरुआत भी हो सकती है। वहीं अगर किसी को किडनी की परेशानी, लिवर की परेशानी हो। ऐसे लोगों के लिए बियर तो ज़हर की तरह है। ऐसे लोगों के लिए तो डॉक्टर भी पानी की मात्रा तय कर देते हैं।

News Hub