home page

UP News : लव मैरिज बनी मुसीबत, पहले पिता ने और अब पति ने ठुकराया

लव मैरिज का एक हैरान करने वाला मामला समाने आया है। दरअसल एक लड़की को एक युवक से प्यार हो गया। लड़की ने अपने माता-पिता की बात को न मानकर युवक से शादी तो कर ली। लेकिन अब उसके पति ने भी उसे ठुकरा दिया। जानिये पूरी कहानी...
 | 
UP News : लव मैरिज बनी मुसीबत, पहले पिता ने और अब पति ने ठुकराया

HR Breaking News (ब्यूरो)। लखनऊ में प्रेमी के कहने पर घर छोड़ कर चली गई। साथ रहने के दौरान आरोपी ने दुष्कर्म किया। गर्भवती होने पर प्रेमी ने छोड़ दिया। जिसके बाद आश्रय केंद्र पहुंची। लेकिन कुछ वक्त बाद प्रेमी फिर से वापस आ गया। साथ रहने का वायदा करते हुए शादी कर ली। फिर घर लेकर चला गया।

बच्चे को जन्म दिए कुछ समय ही गुजरा था कि पति का रवैया बदल गया। मारपीट कर घर से निकाल दिया। दुधमुंहे बच्चे को लेकर पीड़िता आसरे की आस में मायके पहुंची। वहां भी ठौर नहीं मिला। जिसके बाद पीड़िता ने मोहनलालगंज कोतवाली पहुंच कर पति समेत छह लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया है। 

ससुराल में किया प्रताड़ित, दहेज का डाला दबाव


महिला के मुताबिक वर्ष 2021 में 16 वर्ष की उम्र में वह प्रेमी के साथ चली गई थी। जिस पर पिता ने मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने महिला को तलाश कर परिवार के सुपुर्द करना चाहा। पर, गर्भवती होने के कारण महिला ने परिवार संग जाने से मना कर दिया।

जिस पर मोतीनगर स्थित बाल गृह भेजा गया। यहीं पर महिला ने बच्चे को जन्म दिया। बालिग होने पर पति और उसके परिवार वाले बाल गृह से उसे घर लेकर चले गए। जहां पहुंचने के कुछ दिन बाद ही पति और परिवार का रवैया बदलने लगा। 

पति का हुआ एक्सीडेंट, सास ने मांगा दहेज


पीड़िता के मुताबिक कुछ वक्त पूर्व पति सड़क हादसे में घायल हो गया। जिसके बाद सास ने महिला पर दहेज लाने का दबाव बनाना शुरू किया। मना करने पर मारपीट की गई। आजिज होकर महिला ने बच्चे के साथ ससुराल छोड़ दिया। वह माता-पिता के पास पहुंची। लेकिन वहां भी मदद नहीं मिली। कोई रास्ता नहीं सुझने पर महिला ने मजदूरी कर जीवन यापन शुरू कर दिया। पर, गुजारा होना संभव नहीं हो सका। जिसके चलते महिला मदद के लिए मोहनलालगंज कोतवाली पहुंची। इंस्पेक्टर संतोष आर्या ने बताया कि महिला की तहरीर पर दहेज प्रताड़ना और मारपीट की धारा में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

News Hub