home page

हरियाणा में फिर बदलेगा मौसम, बारिश के आसार, जानें फसलों पर क्या पड़ेगा प्रभाव

हरियाणा में बदलते मौसम पर कृषि विज्ञानियों ने कहा कि बारिश से फसलों को अधिक नुकसान नहीं होगा। मगर लगातार नमी बनी रहने से फसलों को दिक्कत आ सकती है। सबसे पहले तो गेहूं में बारिश का फायदा है इसके साथ ही धूप भी अच्छी लग रही है।
 | 

हरियाणा में मंगलवार रात्रि से एक बार फिर मौसम में बदलाव आने की संभावना है। इसके बाद बुधवार को प्रदेश में कुछ क्षेत्रों में बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान धुंध वाहनों की रफ्तार को धीमा करने का काम करेगी। मौसम में लगातार हो रहे परिवर्तन से का असर तापमान पर भी पड़ा है।

हिसार में रविवार को रात्रि तापमान 1.7 डिग्री तक पहुंच गया था जो सोमवार को 9.0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। वहीं दिन का तापमान भी बढ़ रहा है। दिन का तापमान सामान्य से दो डिग्री बढ़कर 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

ये भी पढ़ें......

हरियाणा के बुजुर्गों के लिए खुशखबरी, दो दिन में खातों में आएगी रुकी पेंशन


मौसम में यह होने जा रहा है परिवर्तन

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डा. मदन खिचड़ ने बताया कि राज्य में 8 फरवरी तक मौसम आमतौर पर खुश्क रहने व हल्की गति से उत्तरी व उत्तर पश्चिमी शीत हवा चलने से ज्यादातर स्थानों पर रात्रि तापमान में गिरावट होने व दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है।

वातावरण में नमी की अधिकता से अगले दो दिनों में कहीं -कहीं अलसुबह धुंध छाने की भी संभावना है। मगर मंगलवार रात्रि से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। 9 फरवरी से राज्य में गरज चमक व हवा के साथ कहीं कहीं बूंदाबांदी होने की संभावना है। इसके बाद में मौसम खुश्क संभावित है।


बारिश का फसलों पर क्या पड़ेगा प्रभाव

कृषि विज्ञानियों के अनुसार बारिश का फसलों को लेकर अधिक नुकसान नहीं है। मगर लगातार नमी बनी रहने से फसलों को दिक्कत आ सकती है। सबसे पहले तो गेहूं में बारिश का फायदा है इसके साथ ही धूप भी अच्छी लग रही है। अगर नमी रही तो कीट व रोग लगने की संभावना भी बढ़ जाती है।

वहीं सरसों में हवा चलने से फूल पहले भी झड़ा है अब फिर से हवा चली तो यह समस्या किसानों को आ सकती है। बाकी पाला नहीं पड़ा जिससे फसलों को काफी फायदा है।