home page

Delhi Weather Update : दिल्ली में बारिश से बढ़ेगी ठंड, IMD ने जारी किया अगले हफ्ते के मौसम का हाल

Delhi Weather Update : मौसम विभाग के मुताबिक क्रिसमस से पहले दिल्ली में बारिश हो सकती है। इसके साथ ही ठंड बढ़ सकती है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को अधिकतम तापमान 24.1 डिग्री रहा। यह सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान एक बार फिर गिरकर इस सीजन का सबसे कम हो गया.... अगले हफ्ते के मौसम का हाल जानने के लिए खबर को पूरा पढ़े। 
 | 

HR Breaking News, Digital Desk- क्रिसमस से पहले राजधानी में बारिश हो सकती है। इसके साथ ही ठंड बढ़ सकती है। मौसम का हाल बताने वाली प्राइवेट एजेंसी स्काईमेट के अनुसार इस समय कमजोर वेस्टर्न डिस्टरबेंस पहाड़ों पर सक्रिय है। इसके आगे जाने के बाद 18 दिसंबर से न्यूनतम तापमान में एक बार फिर गिरावट आएगी। इस बार यह पांच डिग्री के आसपास पहुंच सकता है। 18 से 20 दिसंबर के बीच यह गिरावट हो सकती है।

न्यूनतम तापमान 6 डिग्री पर पहुंचा-
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को अधिकतम तापमान 24.1 डिग्री रहा। यह सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान एक बार फिर गिरकर इस सीजन का सबसे कम हो गया। यह सामान्य से दो डिग्री कम 6.2 डिग्री रहा। हवा में नमी का स्तर 35 से 100 प्रतिशत तक रहा। लोदी रोड का न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री और मंगेशपुर का 6 डिग्री रहा।

वहीं मयूर विहार और पालम का अधिकतम तापमान 21.9 डिग्री रहा। शुक्रवार को आंशिक तौर पर बादल छाए रह सकते हैं। सुबह के समय हल्का कोहरा रहेगा। अधिकतम तापमान 24 और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री के आसपास रहेगा। वहीं 16 से 20 दिसंबर के बीच अधिकतम तापमान 23 से 25 डिग्री के आसपास और न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री के आसपास रह सकता है।

18 दिसंबर के बाद फिर गिरेगा पारा-
स्काईमेट के अनुसार राजधानी में न्यूनतम तापमान अब छह डिग्री के करीब पहुंच चुका है। 11 दिसंबर को यह 6.5 डिग्री रहा था। राजधानी के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम है। लगातार दूसरे दिन ऐसा हुआ। 16 दिसंबर से पहाड़ों पर एक कमजोर वेस्टर्न डिस्टरबेंस आ रहा है। इसका असर पहाड़ों पर पड़ेगा। इसकी वजह से दिल्ली में निचले स्तर की हवा में बदलाव आने की संभावना है। इसकी वजह से 16 और 17 दिसंबर को तापमान में मामूली वृद्धि होगी। वेस्टर्न डिस्टरबेंस के आगे जाने के बाद 18 दिसंबर से तापमान में गिरावट आएगी।

18 से 20 दिसंबर के बीच न्यूनतम तापमान 5 से 6 डिग्री तक पहुंच सकता है। बीते करीब सात दिनों से न्यूनतम तापमान औसत से नीचे बना हुआ है। करीब दिसंबर का आधा हिस्सा लगभग शुष्क बीता है। क्रिसमस से पहले सर्दियों की अच्छी बारिश के लिए स्थितियां बनती हुई दिख रही है। इसकी वजह से 21 दिसंबर से तापमान में थोड़ा इजाफा भी होगा। आकाश में बादल छाएंगे और बारिश हो सकती है। आने वाले दिनों में इस सिस्टम को लेकर स्थितियां और साफ होंगी।

दो दिन बाद प्रदूषण से मिली थोड़ी राहत-
दो दिन बाद प्रदूषण से लोगों को थोड़ी राहत मिली है। लेकिन, हवा अब भी सांस लेने लायक नहीं है। ऐसे में लोगों खासकर बीमार और सांस की बीमारी झेल रहे लोगों को अभी एहतियात बरतने की सलाह भी दी जा रही है। इस प्रदूषण से अभी कुछ दिनों तक राहत मिलने की संभावना नहीं है। केंद्रीय प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड (सीपीसीबी) के एयर बुलेटिन के अनुसार गुरुवार को राजधानी का AQI 326 रहा। 29 जगहों पर प्रदूषण बेहद खराब रहा। वहीं आठ जगहों पर यह खराब स्तर पर रहा। सबसे प्रदूषित जगहों में सीरी फोर्ट का AQI 353, नेहरू नगर का AQI 377, जहांगीरपुरी का 366, वजीरपुर का AQI 353, बवाना का 370, मुंडका का 359 रहा।



पूर्वानुमान के अनुसार 15 से 17 दिसंबर तक प्रदूषण का स्तर बेहद खराब रहेगा। इसके बाद अगले छह दिनों तक यह बेहद खराब से खराब के बीच रह सकता है। गुरुवार को साउथ वेस्ट और नॉर्थ दिशा से हवाएं चलीं। इनकी रफ्तार 4 से 12 किलोमीटर प्रति घंटा रही। इसकी वजह से प्रदूषण में थोड़ी कमी आई। बीते बुधवार को यह 378 से ऊपर रहा था। अब शुक्रवार को वेस्ट और नॉर्थ दिशा से हवाएं चलेंगी। इनकी गति 4 से 8 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। वहीं 16 दिसंबर को नॉर्थ वेस्ट और नॉर्थ ईस्ट दिशा से 4 से 8 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। 17 दिसंबर को हवाओं की गति 4 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे के आसपास रहेगी।