Delhi में 80 जगहों पर चला बुलडोजर, 35 एकड़ जमीन कराई खाली, 31 जनवरी तक जारी रहेगी कार्रवाई
Delhi-NCR Bulldozer Action : दिल्ली-एनसीआर में अवैध निर्माण के खिलाफ दिल्ली नगर निगम की कार्रवाई जारी है। एक रिपोर्ट में पता चला है कि प्रशासन ने दिल्ली में कब्जा कर बनाए गए मकानों को बुलडोजर से ध्वस्त कर 35 एकड़ जमीन को खाली करवा लिया है। बताया जा रहा है कि अब अवैध निर्माण के खिलाफ प्रशासन की 31 जनवरी तक कर्रवाई जारी रहेगी।

HR Breaking News (ब्यूरो)। दिल्ली-एनसीआर में लगातार बुलडोजर ऐक्शन जारी है। दिल्ली में बीते दो दिनों के दौरान 80 जगहों पर अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की गई। दिल्ली नगर निगम ने बुधवार और गुरुवार को यह कार्रवाई की। इस दौरान अवैध निर्माण के खिलाफ 29 सिलिंग की गई।
गुरुवार को निगम ने भाटी, आया नगर, सैदुलाजाब, जैतपुर, जामिया नगर, बुराड़ी, बख्तावरपुर, नरेला, मुस्तफाबाद, मंदावली में 38 जगहों पर अवैध निर्माण को ध्वस्त किया। साथ ही 10 जगह पर सिलिंग भी की गई। इसके अलावा भाटी, मंडी, छावला, ढिंचाऊं, मुंडका, नरेला, बुराड़ी में 22 जगहों पर निजी कृषि भूमि पर अवैध रूप से बनाए गए प्लॉटों को गिराया गया। इसमें इन प्लॉटों पर चारदीवारी की गई थी। जिन्हें निगम ने तोड़ दिया है।
बुलडोजर ऐक्शन के बाद जानकारी देते हुए निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार निजी कृषि भूमि पर अवैध निर्माण को हटाने की प्रक्रिया जारी रहेगी। इन जगहों पर प्लॉटों के पास अवैध तरह से बनाई गई सड़कों को भी ध्वस्त किया जा रहा है। निगम की कार्रवाई से अब तक 35 एकड़ निजी कृषि भूमि को वापस हासिल किया गया।
ग्रैप 3 की पाबंदियां लागू होने के कारण दिल्ली में बुधवार से पहले तक सात दिनों तक ध्वस्तीकरण कार्य पर प्रतिबंध था। पाबंदियां हटने के बाद निगम ने अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी। इन कार्रवाई में दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल व अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
31 जनवरी तक निगम की कार्रवाई जारी रहेगी
निगम के अधिकारियों के अनुसार अवैध निर्माण के खिलाफ निगम की कार्रवाई 31 जनवरी तक जारी रहेगी। निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों की टीमें दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल और अधिकारियों के साथ कई जगहों पर जाएंगे।
इसमें अवैध ढांचे में तोड़फोड़ की जाएगी। बीते तीन माह के दौरान ने निगम के पास 1204 अवैध निर्माण के मामले सामने आए थे। जिसके बाद 989 जगहों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। 68 मामलों में दिल्ली पुलिस के समक्ष शिकायतें भी दर्ज कराई है।